रामगढ़ में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, मिलावटी लड्डू और छोले नष्ट, पांच दुकानों पर ₹20 हजार जुर्माना

Spread the love

रामगढ़ (झारखंड) : जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग ने शुक्रवार को बाजार समिति क्षेत्र में औचक जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान कई खाद्य प्रतिष्ठानों और ठेलों में अनियमितताएं मिलने पर विभाग ने मिलावटी खाद्य सामग्री नष्ट कराई, जुर्माना लगाया और संबंधित संचालकों को नोटिस जारी किया।

उपायुक्त रामगढ़ के निर्देश, खाद्य सुरक्षा आयुक्त कार्यालय, रांची तथा अभिहित अधिकारी-सह-अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. नवल कुमार के मार्गदर्शन में संचालित इस अभियान के दौरान बाजार समिति के समीप स्थित 11 दुकानों और 2 गुपचुप ठेलों का निरीक्षण किया गया। टीम ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, निर्माण एवं एक्सपायरी तिथि, खाद्य सुरक्षा लाइसेंस, स्वच्छता और अन्य निर्धारित मानकों की गहन जांच की।

निरीक्षण के दौरान कई दुकानों में बिक्री के लिए रखे गए बेसन के लड्डुओं में स्वास्थ्य के लिए हानिकारक रंग का इस्तेमाल पाया गया। खाद्य सुरक्षा टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित लड्डुओं को मौके पर ही नष्ट करा दिया। इसके अलावा विभिन्न अनियमितताओं के आधार पर पांच दुकानों पर कुल ₹20,000 का आर्थिक दंड लगाया गया, जबकि तीन दुकानदारों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।

अभियान के दौरान दो गुपचुप ठेलों पर भी जांच की गई, जहां छोले में हानिकारक कृत्रिम रंग का प्रयोग पाया गया। टीम ने दोनों ठेलों के छोले को तत्काल नष्ट कराते हुए संचालकों को भविष्य में खाद्य सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करने की चेतावनी दी।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने सभी खाद्य व्यवसाय संचालकों से स्वच्छता एवं खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन करने और उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने की अपील की है। विभाग ने स्पष्ट किया कि आम लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध आगे भी नियमित रूप से विशेष जांच अभियान चलाए जाएंगे और नियमों के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

अभियान में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी मो. मंजर हुसैन, डेरिक तिग्गा तथा खाद्य सुरक्षा कार्यालय के लुकेश रवानी शामिल रहे।