रामगढ़ (झारखंड) : श्रमाधान पोर्टल से श्रमिकों का पंजीकरण अभियान तेज, कल्याणकारी योजनाओं का मिलेगा सीधा लाभ

Spread the love

रामगढ़ (झारखंड) :  जिले में निर्माण श्रमिकों, असंगठित श्रमिकों एवं प्रवासी श्रमिकों को सरकारी कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से श्रम विभाग द्वारा श्रमाधान पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन पंजीकरण अभियान चलाया जा रहा है। उपायुक्त श्री ऋतुराज के निर्देश पर सभी प्रखंडों में विशेष पंजीकरण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक पात्र श्रमिकों का निबंधन सुनिश्चित किया जा सके।

श्रम अधीक्षक श्री अनिल कुमार रंजन ने बताया कि पंजीकरण के बाद श्रमिकों को श्रम विभाग की विभिन्न सामाजिक सुरक्षा एवं कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल सकेगा। उन्होंने सभी पात्र श्रमिकों से अपील की कि वे आवश्यक दस्तावेजों के साथ अपने निकटतम पंजीकरण शिविर में पहुंचकर समय पर अपना निबंधन कराएं।

उन्होंने बताया कि पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाएं संचालित हैं। निर्माण श्रमिक सेफ्टी किट योजना के तहत हेलमेट और सुरक्षा जूते खरीदने के लिए ₹1,000 की आर्थिक सहायता दी जाती है। वहीं श्रमिक औजार सहायता योजना के अंतर्गत कार्य के लिए आवश्यक उपकरण खरीदने हेतु ₹5,000 की सहायता राशि प्रदान की जाती है।

इसके अलावा मेधावी पुत्र/पुत्री छात्रवृत्ति योजना के माध्यम से पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के मेधावी बच्चों को उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों के आधार पर ₹5,000 से ₹50,000 तक की छात्रवृत्ति उपलब्ध कराई जाती है। इसके अतिरिक्त भी श्रम विभाग द्वारा श्रमिकों के सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण के लिए कई अन्य योजनाएं संचालित की जा रही हैं।

उपायुक्त श्री ऋतुराज ने जिले के सभी निर्माण श्रमिकों, असंगठित श्रमिकों एवं प्रवासी श्रमिकों से अधिक से अधिक संख्या में पंजीकरण कराने की अपील की है। उन्होंने कहा कि श्रमाधान पोर्टल अथवा प्रखंड स्तर पर लगाए जा रहे विशेष शिविरों के माध्यम से निबंधन कराने पर श्रमिक सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का समय पर लाभ प्राप्त कर सकेंगे।