डीएमएफटी से संवरेगा गोला हाट बाजार, ₹83.59 लाख की विकास योजना का हुआ शिलान्यास

Spread the love

गोला (रामगढ़), झारखंड :  जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (डीएमएफटी) योजना के तहत गोला प्रखंड के ऐतिहासिक गोला हाट बाजार के आधुनिकीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए गोला हाट बाजार विकास योजना (फेज-1) का शिलान्यास किया गया। इस परियोजना पर ₹83.59 लाख की लागत आएगी, जिससे बाजार में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होगा और स्थानीय किसानों, व्यापारियों तथा आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।

शिलान्यास कार्यक्रम में हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल एवं रामगढ़ विधायक ममता देवी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम का संचालन गोला प्रखंड विकास पदाधिकारी डॉ. सुधा वर्मा ने किया।

कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि योजना के प्रथम चरण में अधूरे शेड का निर्माण, पुराने शेड का जीर्णोद्धार, जलापूर्ति के लिए वॉटर टैंक का निर्माण, गार्बेज टैंक, नाली निर्माण तथा सार्वजनिक शौचालय जैसी आवश्यक आधारभूत सुविधाओं का विकास किया जाएगा।

अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि ग्रामीण हाट बाजारों का विकास स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में अहम कदम है। इससे किसानों, छोटे दुकानदारों और व्यापारियों को बेहतर व्यापारिक वातावरण मिलेगा, जिससे उनकी आय बढ़ाने में भी मदद मिलेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि योजना पूरी होने के बाद गोला हाट बाजार आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होकर क्षेत्र के आर्थिक विकास का प्रमुख केंद्र बनेगा।

कार्यक्रम में जिला परिषद अध्यक्ष सुधा देवी, जिला परिषद सदस्य रेखा सोरेन एवं जलेश्वर महतो, गोला प्रमुख गीता देवी, उप प्रमुख विजय ओझा, पंचायत समिति सदस्य संध्या देवी, कुम्हारदगा पंचायत की मुखिया सुनीता देवी, बेतूल कला पंचायत के मुखिया जाकिर अख्तर, ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल, रामगढ़ के कार्यपालक अभियंता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, किसान, व्यापारी, मीडिया प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।

निर्माण कार्य का निष्पादन ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल, रामगढ़ द्वारा किया जाएगा। योजना के पूरा होने के बाद गोला हाट बाजार में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होने के साथ-साथ स्थानीय व्यापार, कृषि विपणन और आजीविका को भी नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।