केवल नाम नहीं, मतदाता सूची में दर्ज हर जानकारी की करें जांच : राजीव पामदत्त

Spread the love

रामगढ़ (झारखंड) : भारतीय जनता पार्टी, रामगढ़ के जिला मीडिया प्रभारी एवं बीएलए-2 राजीव पामदत्त ने जिले के सभी मतदाताओं से अपील की है कि SIR-2026 के तहत 5 अगस्त के बाद प्रकाशित होने वाली ड्राफ्ट मतदाता सूची में केवल अपना नाम देखकर संतुष्ट न हों, बल्कि अपने नाम से संबंधित सभी जानकारियों की सावधानीपूर्वक जांच अवश्य करें।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत प्रत्येक नागरिक का मतदान का अधिकार है। अक्सर मतदाता सूची में नाम तो दर्ज रहता है, लेकिन नाम की वर्तनी, फोटो, पता, मतदान केंद्र, पार्ट नंबर, सीरियल नंबर अथवा अन्य विवरणों में त्रुटियां रह जाती हैं। ऐसी गलतियां मतदान के समय अनावश्यक परेशानी का कारण बन सकती हैं।

राजीव पामदत्त ने कहा कि प्रत्येक मतदाता यह सुनिश्चित करें कि सूची में उनके नाम की स्पेलिंग सही हो, फोटो उन्हीं की हो, स्थायी पता सही दर्ज हो तथा Part Number और Serial Number सही अंकित हो। साथ ही यह भी देखें कि नाम के सामने Added, Deleted या Shifted जैसी कोई टिप्पणी गलत तरीके से दर्ज न हो। यदि किसी प्रकार की त्रुटि दिखाई देती है तो संबंधित निर्वाचन पदाधिकारी या बूथ स्तर अधिकारी (BLO) से संपर्क कर निर्धारित प्रक्रिया के तहत तत्काल सुधार कराना चाहिए।

उन्होंने कहा कि यह जिम्मेदारी केवल व्यक्तिगत स्तर तक सीमित नहीं होनी चाहिए। प्रत्येक नागरिक अपने परिवार के सभी पात्र मतदाताओं—माता-पिता, भाई-बहन, पति-पत्नी, पुत्र-पुत्री तथा अन्य सदस्यों—की जानकारी की भी जांच करें, ताकि कोई भी पात्र मतदाता अपने मतदान के अधिकार से वंचित न रह जाए।

राजीव पामदत्त ने कहा कि शुद्ध एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव की आधारशिला है। प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी से ही लोकतंत्र और अधिक मजबूत होगा। उन्होंने सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों, राजनीतिक कार्यकर्ताओं और जागरूक नागरिकों से भी अपील की कि वे इस जनहितकारी सूचना को गांव-गांव, वार्ड-वार्ड और घर-घर तक पहुंचाएं तथा लोगों को मतदाता सूची की जांच के लिए प्रेरित करें।

उन्होंने कहा कि यदि समय रहते मतदाता सूची की त्रुटियों का सुधार करा लिया जाता है, तो भविष्य में मतदान के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा से बचा जा सकता है। इसलिए सभी मतदाता 5 अगस्त के बाद प्रकाशित होने वाली ड्राफ्ट मतदाता सूची का सावधानीपूर्वक अवलोकन करें और किसी भी त्रुटि की स्थिति में तत्काल सुधार की प्रक्रिया अपनाएं।