रामगढ़ के पतरातू में वज्रपात का कहर : खेत में काम कर रहीं तीन महिलाओं की मौत, दो गंभीर घायल

Spread the love

पतरातू (रामगढ़),झारखंड : पतरातू प्रखंड क्षेत्र में रविवार को हुई तेज बारिश और वज्रपात ने भारी तबाही मचा दी। अलग-अलग गांवों में खेत में काम कर रही तीन महिलाओं की आकाशीय बिजली की चपेट में आने से मौत हो गई, जबकि दो अन्य महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित रिम्स रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार, पतरातू प्रखंड के सांकूल गांव में खेत में काम करने के दौरान अचानक आकाशीय बिजली गिरने से रेखा देवी (48), पति भिखू राम तथा उनकी पुत्री रोशनी कुमारी (22), पिता भिखू राम इसकी चपेट में आ गईं। घटना के बाद ग्रामीणों ने दोनों को तत्काल पतरातू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मां-बेटी की एक साथ मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

इधर, पलानी गांव में खेत में काम कर रहीं सुशांति देवी (30), पति सुरेंद्र उरांव, सुनीता देवी (32), पति अजय उरांव तथा कंचन कुमारी (20), पिता करिवा महली भी वज्रपात की चपेट में आ गईं। सूचना मिलने पर 108 एंबुलेंस की सहायता से तीनों को पतरातू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया।

अस्पताल में चिकित्सकों ने सुशांति देवी को मृत घोषित कर दिया, जबकि सुनीता देवी और कंचन कुमारी की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित रिम्स रेफर कर दिया गया।

घटना के बाद दोनों गांवों में शोक का माहौल है। प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। वहीं, लगातार हो रही बारिश और वज्रपात को देखते हुए लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले खेतों, पेड़ों और ऊंचे स्थानों से दूर रहने की अपील की गई है।