मतदाताओं से नाम, पता, फोटो व अन्य विवरणों का सत्यापन करने की अपील
रामगढ़ (झारखंड) :भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संचालित मतदाता सूची विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत बुधवार को रामगढ़ जिले के सभी मतदान केंद्रों पर मतदाता सूची का प्रारूप (ड्राफ्ट इलेक्टोरल रोल) प्रकाशित कर दिया गया। इस दौरान संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) की उपस्थिति में मतदाता सूची आम नागरिकों के अवलोकन के लिए उपलब्ध कराई गई।
प्रारूप प्रकाशन के साथ ही मतदाताओं से अपने नाम, पता, आयु, फोटो एवं अन्य विवरणों का सावधानीपूर्वक मिलान करने की अपील की गई है। यदि मतदाता सूची में किसी प्रकार की त्रुटि, नाम छूट जाने, नाम हटाने, संशोधन अथवा स्थानांतरण की आवश्यकता हो तो निर्धारित अवधि के भीतर संबंधित प्रपत्रों के माध्यम से दावा एवं आपत्ति दर्ज कराई जा सकती है।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त ने जिले के सभी पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे अपने मतदान केंद्र पर उपलब्ध मतदाता सूची का अवलोकन कर अपने विवरण का सत्यापन अवश्य करें। साथ ही ऐसे पात्र नागरिक, जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं हुआ है, वे निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपना आवेदन जमा करें ताकि उनका नाम मतदाता सूची में जोड़ा जा सके।
जिला प्रशासन ने विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों, बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) एवं संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
प्रशासन ने आम नागरिकों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील करते हुए कहा है कि सभी के सहयोग से जिले की मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाया जा सकेगा।