स्वच्छ रामगढ़–सुंदर रामगढ़ अभियान की शुरुआत, छावनी परिषद ने आठ वार्डों के लिए कचरा संग्रहण वाहनों को किया रवाना

Spread the love

गीला और सूखा कचरा होगा अलग-अलग संग्रहित, जनभागीदारी से शहर को स्वच्छ बनाने का आह्वान

सफाई की शपथ लेते लोग

रामगढ़ कैंट (झारखंड) :  रामगढ़ छावनी परिषद ने बुधवार को “स्वच्छ रामगढ़–सुंदर रामगढ़” अभियान की औपचारिक शुरुआत की। रामगढ़ फुटबॉल मैदान में आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में छावनी परिषद के अध्यक्ष ब्रिगेडियर साजेश बाबू पीजी, विशिष्ट अतिथि रामगढ़ विधायक ममता देवी, सांसद प्रतिनिधि राजीव जायसवाल तथा परिषद के मुख्य अधिशासी अधिकारी (सीईओ) विवेक सिंह उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीईओ विवेक सिंह ने बताया कि इस अभियान की शुरुआत जून माह में परीक्षण के तौर पर की गई थी। अब इसे पूर्ण रूप से लागू करते हुए छावनी क्षेत्र के सभी आठ वार्डों के लिए आठ विशेष कचरा संग्रहण वाहनों को रवाना किया जा रहा है। ये वाहन प्रत्येक वार्ड से गीला एवं सूखा कचरा अलग-अलग एकत्र करेंगे। इसके अलावा कचरा संग्रहण व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए तीन ऑटो रिक्शा भी लगाए गए हैं।

उन्होंने कहा कि स्वच्छता अभियान तभी सफल होगा जब इसमें नागरिकों की सक्रिय भागीदारी होगी। लोगों के सहयोग से रामगढ़ को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित शहर बनाया जा सकता है।

छावनी परिषद के अध्यक्ष ब्रिगेडियर साजेश बाबू पीजी ने कहा कि परिषद नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने सभी लोगों से स्वच्छता अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने और अपने शहर को साफ-सुथरा रखने की अपील की।

विधायक ममता देवी ने छावनी परिषद की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का यह अभियान स्वागत योग्य है। उन्होंने कहा कि रामगढ़, रांची से सटा महत्वपूर्ण शहर है, इसलिए इसकी स्वच्छता और सुंदरता बनाए रखना सभी नागरिकों की सामूहिक जिम्मेदारी है।

समाजसेवी बसंत कुमार हेतमसरिया ने कहा कि वे पिछले 50 से 60 वर्षों से रामगढ़ में रह रहे हैं, लेकिन स्वच्छता को लेकर इस तरह की व्यापक पहल पहली बार देखने को मिल रही है। उन्होंने शहरवासियों से इस अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान ब्रिगेडियर साजेश बाबू पीजी, विधायक ममता देवी, सांसद प्रतिनिधि राजीव जायसवाल एवं सीईओ विवेक सिंह ने हरी झंडी दिखाकर कचरा संग्रहण वाहनों को आठों वार्डों के लिए रवाना किया।

समारोह का संचालन कमल बगड़िया ने किया। इस अवसर पर जून एवं जुलाई माह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले सफाई मित्रों को मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। साथ ही लोगों को सफाई के प्रति जागरूक रहने के लिए शपथ दिलाई गयी ।

कार्यक्रम में अनूप कुमार उर्फ बाबू साहद, प्रभु करमाली, धनंजय कुमार पुटूस, पंकज तिवारी, अरुण राय, संजय साव, रंजीत पलविंदर सिंह, वंशीधर गोप, मंजीत साहन, अरविंद जायसवाल, इंद्रपाल सिंह सैनी, नीलम देवी, अनिल कुमार, बद्री विश्वकर्मा, जोगेंद्र सिंह जग्गी सहित बड़ी संख्या में शहरवासी उपस्थित थे।