अंतर विद्यालय देशभक्ति गीत प्रतियोगिता में सरस्वती शिशु विद्या मंदिर ने हासिल किया प्रथम स्थान

Spread the love

रामगढ़ कैंट, झारखंड : विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, देशभक्ति की भावना और सांस्कृतिक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से इनर व्हील क्लब ऑफ रामगढ़ की ओर से अंतर विद्यालय देशभक्ति गीत प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में रामगढ़ क्षेत्र के सात विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।

प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत गीतों की शानदार प्रस्तुतियां दीं। मधुर स्वर, भावपूर्ण प्रस्तुति और आत्मविश्वास के साथ प्रतिभागियों ने देश के प्रति प्रेम और सम्मान की भावना को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों एवं दर्शकों ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना की।

प्रतियोगिता के परिणाम में सरस्वती शिशु विद्या मंदिर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि श्री गुरु नानक पब्लिक स्कूल दूसरे स्थान पर रहा। राधा गोविंद पब्लिक स्कूल एवं SVD पब्लिक स्कूल ने संयुक्त रूप से तीसरा स्थान हासिल किया। वहीं श्री कृष्ण विद्या मंदिर एवं स्कॉलर हाई स्कूल को कंसोलेशन पुरस्कार प्रदान किया गया।

कार्यक्रम का मंच संचालन हरमीत कौर एवं अविनाश कौर ने संयुक्त रूप से किया। निर्णायक मंडल की भूमिका में श्रीमती आकांक्षा सिंह एवं श्री अभय पॉल ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।

कार्यक्रम की शुरुआत क्लब अध्यक्षा श्वेता जैन के स्वागत भाषण से हुई। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच देने के साथ-साथ उनमें राष्ट्रप्रेम, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करते हैं। कार्यक्रम के अंत में जसप्रीत कौर ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।

प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों एवं विद्यालयों को पुरस्कार और प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में इनर व्हील क्लब ऑफ रामगढ़ की सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई।

मौके पर क्लब अध्यक्षा श्वेता जैन, सचिव नवलजीत कौर, शर्मिष्ठा दत्ता, जसविंदर होरा, प्रियंका जैन, नीरू साहनी, मेघा बागड़िया, अनुराधा श्रॉफ, नमिता श्रॉफ, जसप्रीत कौर, जसमीत सोनी, रेणु मेवाड़, विजया अयंगर, मनवीर सोनी, पिंकी गांधी, अविनाश कौर, हरमीत कौर सहित अन्य सदस्य मौजूद थीं।