झारखंड के प्रखंड मुख्यालयों में अब प्रमुख नहीं, बीडीओ करेंगे झंडोत्तोलन, केंद्र की नई गाइडलाइन के बाद जिला प्रशासन ने सभी प्रखंडों और अनुमंडलों को जारी किया निर्देश
रांची, झारखंड :भारत सरकार के गृह मंत्रालय की ओर से 10 अगस्त को जारी नई गाइडलाइन के बाद राज्य के प्रखंड मुख्यालयों में स्वतंत्रता दिवस पर झंडोत्तोलन की व्यवस्था में बदलाव किया गया है। अब प्रखंड मुख्यालय में झंडोत्तोलन प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) करेंगे। इस संबंध में जिला उपायुक्त कार्यालय की ओर से 13 अगस्त को सभी प्रखंडों और अनुमंडलों को निर्देश जारी कर नई व्यवस्था का पालन सुनिश्चित करने को कहा गया है।
नई गाइडलाइन के अनुसार प्रखंड मुख्यालय में बीडीओ द्वारा झंडोत्तोलन के बाद राष्ट्रगान होगा। इसके बाद बीडीओ का संबोधन होगा। संबोधन के उपरांत राष्ट्रगीत और अंत में राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन किया जाएगा।
इसी तरह पंचायत मुख्यालयों में झंडोत्तोलन की जिम्मेदारी पूर्व की तरह ग्राम प्रधान या मुखिया की रहेगी। पंचायत मुख्यालय में झंडोत्तोलन के बाद राष्ट्रगान, फिर मुखिया का संबोधन, इसके बाद राष्ट्रगीत और अंत में राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम संपन्न होगा।
जिला प्रशासन ने गृह मंत्रालय की ओर से जारी निर्देशों का हवाला देते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान नई व्यवस्था का अनिवार्य रूप से पालन सुनिश्चित करने को कहा है। नई व्यवस्था के लागू होने के बाद अब प्रखंड मुख्यालयों में झंडोत्तोलन की जिम्मेदारी प्रखंड प्रमुख के बजाय बीडीओ के पास होगी।