सड़क किनारे सूखे पेड़ों का खतरा हुआ दूर, धनंजय कुमार पुटूस की पहल पर विभाग ने की कार्रवाई

Spread the love

रामगढ़ कैंट, झारखंड : सड़क किनारे खड़े सूखे और जर्जर पेड़ों से राहगीरों की सुरक्षा को लेकर भाजपा नेता एवं सांसद प्रतिनिधि धनंजय कुमार पुटूस द्वारा उठाई गई जनहित की पहल का सकारात्मक परिणाम सामने आया है। संबंधित विभाग ने कार्रवाई करते हुए चिन्हित सूखे एवं खतरनाक पेड़ों को हटाकर समस्या का समाधान कर दिया है।

बरसात के मौसम में तेज हवा और बारिश के दौरान इन पेड़ों के गिरने की आशंका बनी रहती थी। इससे राहगीरों के साथ-साथ दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों के लिए भी दुर्घटना का खतरा बना हुआ था। मामले की गंभीरता को देखते हुए धनंजय कुमार पुटूस ने संबंधित अधिकारियों का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराया था और जनसुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जल्द कार्रवाई की मांग की थी।

कार्रवाई के बाद सड़क किनारे मौजूद खतरनाक पेड़ों का खतरा कम हुआ है। इस पहल पर स्थानीय लोगों ने भी राहत जताई है।

धनंजय कुमार पुटूस ने कहा कि जनता से जुड़ी समस्याओं का समाधान कराना उनकी प्राथमिकता है। क्षेत्र की किसी भी समस्या की जानकारी मिलने पर उसे संबंधित विभाग और अधिकारियों के समक्ष मजबूती से उठाया जाता रहेगा, ताकि समय रहते उसका समाधान हो सके।

उन्होंने इस जनहित के मामले में त्वरित कार्रवाई और सहयोग के लिए रामगढ़ डीएफओ नीतीश कुमार, पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता राजीव रंजन मुंडा, जेई आयुषी श्रॉफ समेत संबंधित विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

पुटूस ने कहा कि अधिकारियों द्वारा मामले को गंभीरता से लेते हुए संवेदनशीलता के साथ समय पर कार्रवाई करना सराहनीय है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी जनसुरक्षा से जुड़े मामलों में इसी तरह तत्परता से कार्रवाई होगी।