रामगढ़, झारखंड : उपायुक्त रामगढ़ ऋतुराज के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता और सुरक्षित भंडारण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विभिन्न होटल, रेस्टोरेंट एवं मार्ट का औचक निरीक्षण किया।
अभियान के तहत सुभाष चौक स्थित मारवाड़ी होटल, बिहार भोजनालय, शालीमार स्वीट्स, प्रिया स्वीट्स, थाना चौक स्थित स्पाइस गार्डन तथा नईसराय स्थित फैमिली मार्ट की जांच की गई। निरीक्षण के दौरान होटल एवं रेस्टोरेंट के किचन की साफ-सफाई, खाद्य पदार्थों के रख-रखाव तथा प्रतिष्ठानों से संबंधित आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई।
जांच के दौरान संबंधित प्रतिष्ठानों को पेस्ट कंट्रोल प्रमाण-पत्र, मेडिकल फिटनेस सर्टिफिकेट और वाटर टेस्ट रिपोर्ट समेत अन्य जरूरी दस्तावेज उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। अधिकारियों ने खाद्य सामग्री के सुरक्षित रख-रखाव के साथ-साथ किचन और परिसर में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने को कहा।
इसके बाद नईसराय स्थित फैमिली मार्ट में खाद्य सामग्री की विनिर्माण तिथि, अंतिम उपयोग तिथि और पैकेजिंग पर अंकित अन्य आवश्यक जानकारियों की जांच की गई। खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी ने प्रतिष्ठान संचालक को खाद्य सामग्रियों के सुरक्षित भंडारण तथा स्वच्छता मानकों का लगातार पालन करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण अभियान में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी मो. मंजर हुसैन, खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी डेरिक तिग्गा एवं खाद्य सुरक्षा कार्यालय के लुकेश रवानी शामिल रहे।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने कहा कि जिले में खाद्य प्रतिष्ठानों की नियमित जांच का अभियान आगे भी जारी रहेगा। विभाग का उद्देश्य खाद्य कारोबारियों को निर्धारित मानकों का पालन कराने के साथ आम लोगों को गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना है।