रामगढ़ कैंट, झारखंड : आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन (ABDM) झारखंड के तहत रामगढ़ जिले को डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में सशक्त बनाने के उद्देश्य से 17 अगस्त 2026 को टाउन हॉल, रामगढ़ में ‘मॉडल डिस्ट्रिक्ट इनिशिएटिव’ कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा। कार्यशाला को लेकर जिले के स्वास्थ्य विभाग ने तैयारियां पूरी कर ली हैं।
कार्यक्रम के पूर्व रविवार को रामगढ़ के सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार ने प्रेस वार्ता कर कार्यशाला से संबंधित विस्तृत जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि इस पहल का उद्देश्य जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को डिजिटल हेल्थ इकोसिस्टम से जोड़ना और आम नागरिकों को अधिक सुलभ, पारदर्शी एवं त्वरित स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
NHA के CEO डॉ. सुनील कुमार बर्णवाल होंगे मुख्य अतिथि
कार्यशाला में मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण (NHA) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. सुनील कुमार बर्णवाल शामिल होंगे। कार्यक्रम के दौरान डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और जिले में ABDM के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की जाएगी।
इन बिंदुओं पर रहेगा विशेष जोर
कार्यशाला के दौरान जिले के सभी अस्पतालों, स्वास्थ्य केंद्रों और स्वास्थ्य कर्मियों को डिजिटल हेल्थ मिशन से जोड़ने पर जोर दिया जाएगा। इसके अलावा नागरिकों के डिजिटल स्वास्थ्य रिकॉर्ड यानी ABHA ID के शत-प्रतिशत निर्माण और उसके सुरक्षित प्रबंधन की दिशा में भी कार्ययोजना पर चर्चा होगी।
डिजिटल माध्यम से पर्ची, जांच रिपोर्ट और टेली-परामर्श जैसी सुविधाओं के विस्तार को भी प्राथमिकता दी जाएगी। इसका उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुविधाजनक और तकनीक आधारित बनाकर मरीजों तक बेहतर तरीके से पहुंचाना है।
सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार ने जिले के सभी स्वास्थ्य पदाधिकारियों, चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों से निर्धारित समय पर कार्यशाला में शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।




