आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के तहत रामगढ़ में मॉडल डिस्ट्रिक्ट इनिशिएटिव कार्यशाला

Spread the love

रामगढ़, झारखंड : आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन (ABDM) के तहत रामगढ़ जिले को डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में मॉडल जिला बनाने के उद्देश्य से सोमवार को टाउन हॉल, रामगढ़ में ‘मॉडल डिस्ट्रिक्ट इनिशिएटिव’ कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में स्वास्थ्य सेवाओं को तकनीक से जोड़कर जिले में डिजिटल हेल्थ इकोसिस्टम को और मजबूत एवं प्रभावी बनाने पर विस्तार से चर्चा हुई।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण (NHA) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. सुनील कुमार बर्णवाल शामिल हुए। इस दौरान NHA के निदेशक डॉ. पंकज कुमार अरोड़ा, स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग, झारखंड सरकार की विशेष सचिव डॉ. नेहा अरोड़ा, निदेशक प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना शशि प्रकाश सिंह, अभियान निदेशक, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन शशि प्रकाश झा, राज्य अभियान निदेशक, आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन दिनेश कुमार यादव, उपायुक्त रामगढ़ ऋतुराज एवं उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल सहित जिले के स्वास्थ्य पदाधिकारी, चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।

जागरूकता वाहन और रैली को दिखाई हरी झंडी

कार्यशाला से पूर्व NHA के CEO डॉ. सुनील कुमार बर्णवाल ने आमजनों में आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित ‘रन फॉर आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन’ के तहत जागरूकता वाहन और रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

उन्होंने कहा कि डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं का व्यापक लाभ तभी लोगों तक पहुंच सकता है, जब आम नागरिक भी इसके महत्व और उपयोगिता से परिचित हों। अभियान के माध्यम से लोगों को डिजिटल हेल्थ रिकॉर्ड, ABHA ID और उपलब्ध डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी दी जा रही है।

इसके बाद डॉ. बर्णवाल ने टाउन हॉल परिसर में डिजिटल हेल्थ के क्षेत्र में कार्य कर रही विभिन्न सॉफ्टवेयर कंपनियों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और उनकी तकनीकों एवं डिजिटल स्वास्थ्य समाधानों की जानकारी ली।

रामगढ़ के नवाचारों को देश के लिए मॉडल बनाने पर जोर

कार्यशाला को संबोधित करते हुए डॉ. सुनील कुमार बर्णवाल ने कहा कि आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन का उद्देश्य सिर्फ स्वास्थ्य सेवाओं को डिजिटल बनाना नहीं, बल्कि ऐसा एकीकृत डिजिटल हेल्थ इकोसिस्टम तैयार करना है, जिसमें नागरिकों को बेहतर, सुगम, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।

उन्होंने रामगढ़ में मॉडल डिस्ट्रिक्ट इनिशिएटिव के तहत किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि जिले के लिए यह महत्वपूर्ण अवसर है। यहां डिजिटल हेल्थ के क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारों और अच्छे कार्यों को व्यवस्थित रूप से आगे बढ़ाकर देश के अन्य जिलों के लिए उदाहरण बनाया जा सकता है।

उन्होंने ABHA ID के माध्यम से स्वास्थ्य रिकॉर्ड को सुरक्षित डिजिटल रूप में रखने, स्वास्थ्य संस्थानों को डिजिटल माध्यम से जोड़ने और स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच एवं गुणवत्ता में सुधार पर जोर दिया। साथ ही स्वास्थ्यकर्मियों से डिजिटल माध्यमों को अपनी नियमित कार्यप्रणाली का हिस्सा बनाने की अपील की।

डिजिटल स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने पर विशेष फोकस

NHA के निदेशक डॉ. पंकज कुमार अरोड़ा ने कहा कि आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन देश में स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में व्यापक डिजिटल परिवर्तन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। मॉडल डिस्ट्रिक्ट इनिशिएटिव के लिए रामगढ़ का चयन जिले को डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं में अग्रणी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने कहा कि डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं का वास्तविक लाभ नागरिकों तक पहुंचाने के लिए स्वास्थ्य संस्थानों, चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों और नागरिकों की भागीदारी जरूरी है। रामगढ़ में डिजिटल हेल्थ से जुड़े विभिन्न घटकों को प्रभावी तरीके से लागू कर एक मजबूत और नागरिक-केंद्रित मॉडल विकसित किया जा सकता है।

डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं को जन-केंद्रित बनाने पर जोर

झारखंड सरकार की विशेष सचिव डॉ. नेहा अरोड़ा ने कहा कि आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ, पारदर्शी, प्रभावी और नागरिक-केंद्रित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। डिजिटल तकनीक के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने के साथ स्वास्थ्य संस्थानों और स्वास्थ्यकर्मियों की कार्यप्रणाली को भी अधिक व्यवस्थित किया जा सकता है।

उन्होंने रामगढ़ को मॉडल डिस्ट्रिक्ट इनिशिएटिव के लिए चयनित किए जाने को महत्वपूर्ण अवसर बताते हुए जिले के सभी स्वास्थ्य संस्थानों को डिजिटल हेल्थ इकोसिस्टम से जोड़ने पर जोर दिया। उन्होंने ABHA ID के निर्माण और उपयोग को बढ़ावा देने तथा नागरिकों को इसके लाभों के प्रति जागरूक करने की अपील की।

अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ : उपायुक्त

उपायुक्त रामगढ़ ऋतुराज ने कहा कि रामगढ़ को आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के तहत मॉडल जिला बनाने की पहल जिला प्रशासन के लिए उपलब्धि के साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। प्रशासन का प्रयास है कि तकनीक का अधिकतम उपयोग करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं को आम नागरिकों के लिए सुगम, पारदर्शी, त्वरित और जवाबदेह बनाया जाए।

उन्होंने कहा कि डिजिटल हेल्थ का उद्देश्य केवल तकनीकी व्यवस्था विकसित करना नहीं, बल्कि उसका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। ABHA ID, डिजिटल हेल्थ रिकॉर्ड, डिजिटल पर्ची, जांच रिपोर्ट और टेली-परामर्श जैसी सेवाओं का विस्तार स्वास्थ्य व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

उपायुक्त ने जिले के सभी स्वास्थ्य पदाधिकारियों एवं स्वास्थ्यकर्मियों से इस पहल को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाने की अपील की।

उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वास्थ्यकर्मी और संस्थान सम्मानित

कार्यशाला के दौरान आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के क्रियान्वयन में उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वास्थ्यकर्मियों, चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य संस्थानों को सम्मानित किया गया। सम्मान के माध्यम से डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं को धरातल पर प्रभावी रूप से लागू करने वाले कर्मियों के प्रयासों को प्रोत्साहित किया गया।

कार्यशाला में विशेषज्ञों ने डिजिटल हेल्थ रिकॉर्ड, ABHA ID, स्वास्थ्य संस्थानों के डिजिटलीकरण तथा डिजिटल माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता और गुणवत्ता में सुधार से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत जानकारी दी।

जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग का लक्ष्य है कि मॉडल डिस्ट्रिक्ट इनिशिएटिव के माध्यम से रामगढ़ में सुदृढ़, सुरक्षित, एकीकृत और नागरिक-केंद्रित डिजिटल स्वास्थ्य व्यवस्था विकसित की जाए, ताकि रामगढ़ डिजिटल हेल्थ के क्षेत्र में झारखंड ही नहीं, बल्कि देश के लिए भी एक प्रभावी मॉडल के रूप में स्थापित हो सके।