धनबाद, झारखंड : धनबाद में अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई के दौरान पुलिस और संदिग्ध अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई। बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के निरंकारी चौक के समीप सोमवार देर रात हुई इस घटना में पुलिस की जवाबी कार्रवाई के दौरान दो आरोपियों के पैर में गोली लगी। दोनों को इलाज के लिए शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसएनएमएमसीएच) में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार घायल आरोपियों की पहचान वासेपुर के नूरी रोड क्षेत्र निवासी इरफान अंसारी उर्फ टुन्ना और पुटकी निवासी नाजिर अंसारी उर्फ नन्हे के रूप में हुई है। दोनों पर वासेपुर के कुख्यात अपराधी प्रिंस खान के गिरोह से जुड़े होने का आरोप है।
रंगदारी वसूली की सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस
पुलिस को सूचना मिली थी कि गिरोह से जुड़े कुछ लोग एक जमीन कारोबारी से रंगदारी की रकम लेने के लिए इलाके में पहुंचने वाले हैं। सूचना के आधार पर बरवाअड्डा पुलिस की पेट्रोलिंग टीम संदिग्धों की तलाश में जुट गई।
इसी दौरान निरंकारी चौक के पास बाइक पर सवार तीन संदिग्ध युवक पुलिस की नजर में आए। उन्हें रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन पुलिस का दावा है कि बाइक सवारों ने फायरिंग शुरू कर दी और वहां से भागने की कोशिश की।
भागने के दौरान उनकी बाइक पुलिस वाहन से टकरा गई। इसके बाद तीनों आरोपियों ने मौके से निकलने का प्रयास किया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में इरफान और नाजिर के पैर में गोली लगी, जबकि तीसरा संदिग्ध अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
मौके से हथियार और बाइक बरामद
पुलिस ने घटनास्थल से आरोपियों की बाइक और हथियार बरामद किए हैं। दोनों घायलों के मोबाइल फोन भी पुलिस ने अपने कब्जे में लिए हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घटना के समय गिरोह से जुड़े गोपी खान द्वारा आरोपियों से मोबाइल पर संपर्क में रहने की बात सामने आई है।
मामले की जांच के लिए फोरेंसिक टीम को भी घटनास्थल पर भेजे जाने की तैयारी की गई। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच जारी है और मुठभेड़ से जुड़े सभी तथ्यों, बरामद हथियारों तथा मोबाइल फोन की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।