रामगढ़, झारखंड : जिला स्तरीय डेवलपमेंट टास्क फोर्स की बैठक मंगलवार को समाहरणालय सभाकक्ष में उपायुक्त रामगढ़ श्री ऋतुराज की अध्यक्षता में हुई। बैठक में जिले में संचालित विकास योजनाओं की प्रगति, योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और विभिन्न स्तरों पर लंबित मामलों के निष्पादन को लेकर विभागवार समीक्षा की गई।
बैठक की शुरुआत पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन और अब तक हुई प्रगति की समीक्षा से हुई। अधिकारियों ने पीपीटी के माध्यम से योजनाओं और कार्यों की अद्यतन स्थिति उपायुक्त के समक्ष रखी। उपायुक्त ने संबंधित विभागों से प्रगति की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जनहित को प्राथमिकता देकर तैयार हों विकास योजनाएं
उपायुक्त ऋतुराज ने कहा कि जिला प्रशासन का लक्ष्य रामगढ़ के विकास को गति देने के साथ योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि डीएमएफटी के माध्यम से शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सड़क, आधारभूत संरचना, कौशल विकास सहित विभिन्न क्षेत्रों में योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि योजनाओं के चयन और क्रियान्वयन में स्थानीय जरूरतों तथा आम लोगों के हित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। साथ ही परियोजनाओं की गुणवत्ता और उनके दीर्घकालिक प्रभाव पर भी विशेष ध्यान रखा जाए।
लंबित फाइलों का जल्द करें निपटारा
बैठक में विभिन्न विभागों में लंबित फाइलों और प्रस्तावों की स्थिति की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि लंबित मामलों पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए उनका शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करें।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरा करने का निर्देश दिया गया।
स्थानीय जरूरत के अनुसार प्रस्ताव देने का निर्देश
उपायुक्त ने जिला एवं प्रखंड स्तर के अधिकारियों से उनके क्षेत्रों में विकास कार्यों की आवश्यकता और प्राथमिकताओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र की वास्तविक जरूरतों के आधार पर व्यवहारिक और जनहितकारी प्रस्ताव तैयार कर उपलब्ध कराने को कहा, ताकि जिले के लिए प्रभावी विकास कार्ययोजना तैयार की जा सके।
प्रोजेक्ट समर्थ की भी हुई समीक्षा
बैठक में रामगढ़ जिले के पीवीटीजी एवं अनुसूचित जनजाति समुदाय के समेकित विकास के लिए चयनित 34 गांवों में प्रोजेक्ट समर्थ के तहत किए जा रहे कार्यों की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने अब तक हुई प्रगति की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और योजनाओं को प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारने पर जोर दिया।
बैठक में उप विकास आयुक्त श्री आशीष अग्रवाल के अलावा विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।