रामगढ़ कैंट, झारखंड :पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न राजीव गांधी की जयंती के अवसर पर रामगढ़ वार्ड संख्या-8 कांग्रेस कमेटी एवं जिला अल्पसंख्यक कमेटी द्वारा श्रद्धापूर्वक जयंती समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राजीव गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी तथा उनके योगदान को याद किया।
इस अवसर पर वार्ड संख्या-8 के अध्यक्ष एवं जिला अल्पसंख्यक कमेटी के सचिव अधिवक्ता अनमोल सिंह आनंद ने कहा कि राजीव गांधी ने देश में कंप्यूटर और संचार क्रांति की नींव रखी तथा युवाओं के भविष्य को नई दिशा देने का कार्य किया। उनके दूरदर्शी नेतृत्व का प्रभाव आज भी देश के विकास में दिखाई देता है।
वक्ताओं ने कहा कि राजीव गांधी ने भारत को 21वीं सदी की ओर अग्रसर करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आधुनिक भारत के निर्माण में उनके योगदान को देश हमेशा याद रखेगा।
कार्यक्रम में जिला अल्पसंख्यक उपाध्यक्ष बन्नी गांधी, वार्ड प्रभारी आसिफ इकबाल, नगर अध्यक्ष बलराम साहू, मंडल अध्यक्ष संजीव खंडेलवाल, कांग्रेस सेवा दल के जय के अग्रवाल, वार्ड-8 सचिव जसकीरत सिंह सहित कमेटी के अन्य पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में देश की एकता, अखंडता और शांति के लिए सामूहिक प्रार्थना की गई।