रामगढ़, झारखंड : रामगढ़ चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने रामगढ़ छावनी परिषद के शासकीय अधिकारी को पत्र सौंपकर शहर में ड्रेनेज व्यवस्था एवं विद्युत प्रकाश व्यवस्था में व्यापक सुधार की मांग की है। चैम्बर ने मेन रोड से दामोदर नदी तक नए एवं आधुनिक ड्रेनेज के निर्माण के साथ पुराने ड्रेनेज और नालों की समुचित सफाई कराने की मांग उठाई है।
चैम्बर के अध्यक्ष मंजीत साहनी ने कहा कि मेन रोड से दामोदर नदी तक का क्षेत्र शहर का बेहद व्यस्त और महत्वपूर्ण हिस्सा है। वर्तमान ड्रेनेज व्यवस्था जर्जर एवं अपर्याप्त हो चुकी है। नालियों में गाद, कचरा और अन्य अवरोध जमा होने के कारण बारिश के दौरान जल निकासी प्रभावित होती है, जिससे सड़कों, दुकानों और आवासीय क्षेत्रों में जलभराव की समस्या उत्पन्न होती है।
चैम्बर ने कहा कि जलभराव के कारण व्यापारिक गतिविधियां प्रभावित होने के साथ आम नागरिकों और राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। लंबे समय तक गंदे पानी के जमाव से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं और जलजनित बीमारियों का खतरा भी बढ़ जाता है। ऐसे में शहर की वर्तमान जरूरतों को देखते हुए पर्याप्त क्षमता वाले आधुनिक ड्रेनेज का निर्माण जरूरी है। इसके साथ पुराने नालों की नियमित एवं प्रभावी सफाई की भी मांग की गई है।
चट्टी बाजार और कुम्हार टोला में स्ट्रीट लाइट सुधार की मांग
चैम्बर ने रामगढ़ शहरी क्षेत्र में स्ट्रीट लाइटों की खराब स्थिति पर भी चिंता जताई। विशेष रूप से चट्टी बाजार और कुम्हार टोला समेत कई प्रमुख सड़कों एवं आवासीय इलाकों में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था नहीं होने के कारण शाम और रात के समय अंधकार की स्थिति बनी रहती है।
चैम्बर के अनुसार, पर्याप्त रोशनी नहीं होने से नागरिकों, महिलाओं, बुजुर्गों और राहगीरों को आवागमन में परेशानी होती है। साथ ही सड़क दुर्घटनाओं और असामाजिक गतिविधियों की आशंका भी बनी रहती है।
अध्यक्ष मंजीत सहानी ने कहा कि मजबूत ड्रेनेज व्यवस्था और बेहतर विद्युत प्रकाश व्यवस्था शहर की स्वच्छता, यातायात, सुरक्षा और नागरिक सुविधाओं से सीधे जुड़ी हुई है। इसलिए दोनों विषयों को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए शीघ्र कार्रवाई की जानी चाहिए।
चैम्बर ने उम्मीद जताई कि रामगढ़ छावनी परिषद जनहित से जुड़ी इन समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई करेगी और शहर के नागरिकों एवं व्यवसायियों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में सकारात्मक पहल करेगी।
इस प्रतिनिधिमंडल में चैम्बर अध्यक्ष मंजीत सहानी, मानद सचिव मनोज चतुर्वेदी ‘मानु’, कार्यकारिणी सदस्य अभीजित सिंह ‘बिजी’ एवं सब-कमेटी सदस्य तेजिन्दर सिंह सोनी शामिल थे।