कुजू (रामगढ़), झारखंड :खान और खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन विधेयक, 2026 के विरोध में गुरुवार को कुजू की सड़कों पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस हजारीबाग जिलाध्यक्ष जयप्रकाश भाई पटेल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने बैंक ऑफ इंडिया, कुजू से ट्रांसपोर्ट नगर तक पैदल विरोध मार्च निकाला।
विरोध मार्च में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ नारेबाजी की। इसमें कांग्रेस के प्रदेश, जिला, प्रखंड, मंडल एवं पंचायत स्तर के पदाधिकारियों के साथ विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में वरिष्ठ कार्यकर्ता शामिल हुए।
बैंक ऑफ इंडिया से शुरू हुआ मार्च ट्रांसपोर्ट नगर पहुंचा, जहां से कार्यकर्ता वापस कुजू लौटे। इसके बाद कार्यक्रम सभा में तब्दील हो गया।
खनन क्षेत्र से लाखों लोगों की रोजी-रोटी जुड़ी : पटेल
सभा को संबोधित करते हुए जयप्रकाश भाई पटेल ने कहा कि खान और खनिज क्षेत्र केवल राज्य सरकार की आय का माध्यम नहीं है, बल्कि इससे लाखों लोगों की रोजी-रोटी और स्थानीय अर्थव्यवस्था जुड़ी हुई है। ऐसे में कानून में किसी भी तरह का बदलाव करने से पहले मजदूरों, स्थानीय लोगों और खनन प्रभावित क्षेत्रों के हितों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ऐसे किसी प्रावधान को स्वीकार नहीं करेगी, जिससे आम लोगों और खनन क्षेत्र से जुड़े लोगों के हित प्रभावित हों। केंद्र सरकार को जनता की आवाज सुननी होगी। कांग्रेस लोकतांत्रिक तरीके से जनहित के मुद्दों को लेकर सड़क पर उतरती रही है और आगे भी मजबूती से संघर्ष जारी रखेगी।
पटेल ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर संगठन को मजबूत करने तथा जनसमस्याओं को लेकर लगातार आंदोलन करने का आह्वान किया।
राजीव गांधी की जयंती मनाई
विरोध मार्च के बाद कुजू में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की जयंती भी मनाई। कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि खान-खनिज संशोधन विधेयक के खिलाफ आंदोलन को आगे भी चरणबद्ध तरीके से जारी रखा जाएगा।
विरोध मार्च में कांग्रेस प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष शहजाद अनवर, प्रदेश महासचिव कुमार महेश सिंह व धर्मराज राम, रामगढ़ नगर परिषद अध्यक्ष कुसुम लता मुंडा, सीपी संतन, मिथलेश मेहता, मांडू प्रखंड अध्यक्ष सागर महतो, जाकिर, नौशाद आलम, वसंत कुमार महतो, देवकी महतो, भारत महतो, संदीप कुशवाह, बिनोद बिहारी महतो, अभिजीत कुमार, चोलेश्वर महतो, शिव शंकर गंझू, जसीम खान, ललित राम, प्रभात कुमार, संतोष सिंह, प्रदीप शर्मा, रोहन महतो, बालेश्वर महतो, चेतन ठाकुर, जिवलाल महतो, सेवालाल महतो, बीरबल महतो, इजहार अंसारी, सफदर अंसारी, नवल ठाकुर, हरि महतो, जग्गू महतो, टिंकू खान, आजाद सिंह, सुधीर कुमार सिंह समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे।