रामगढ़ कैंट, झारखंड :रामगढ़ शहर के टायर मोड़ के समीप शनिवार को हुए भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब एक दोपहिया वाहन को सिटी राइड बस ने अपनी चपेट में ले लिया। दुर्घटना इतनी गंभीर थी कि दोनों युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान पेटरवार के चक्रवाली गांव निवासी रियेश महतो (20 वर्ष) और सोकला डिमरा निवासी अमर कुमार महतो (21 वर्ष) के रूप में हुई है.
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने दोनों मृतकों के शवों को सड़क पर रखकर विरोध शुरू कर दिया। इसके चलते टायर मोड़ के पास सड़क पर लंबा जाम लग गया और आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया।
हादसे के बाद मौके पर जुटी भीड़
दुर्घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों के सड़क पर उतरने और शवों को सड़क पर रखे जाने के कारण वाहनों की आवाजाही बाधित हो गई। स्थिति को देखते हुए पुलिस की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास शुरू किया।
बस और चालक की पहचान में जुटी पुलिस
पुलिस ने दुर्घटना में शामिल बस और उसके चालक की पहचान के लिए जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज सहित अन्य माध्यमों से दुर्घटना की परिस्थितियों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। वहीं, प्रशासन की टीम जाम हटाने और आक्रोशित लोगों को समझाने में जुटी हुई है।
फिलहाल हादसे में जान गंवाने वाले दोनों युवकों की पहचान और दुर्घटना के कारणों को लेकर पुलिस की जांच जारी है।