रक्षाबंधन पर छुट्टी के दिन भी खुले रामगढ़ के डाकघर, राखियों की डिलीवरी सुनिश्चित करने में जुटे डाककर्मी

Spread the love

रामगढ़ कैंट, झारखंड : रक्षाबंधन के पावन अवसर पर भाई-बहन के स्नेह, विश्वास और सुरक्षा के भाव को निभाने के लिए रविवार को अवकाश के बावजूद रामगढ़ जिले के डाकघरों में डाक सेवा जारी रही। बहनों की ओर से देश-विदेश के विभिन्न हिस्सों से भेजी गई राखियों को समय पर भाइयों तक पहुंचाने के लिए डाक विभाग के कर्मचारियों ने विशेष जिम्मेदारी निभाई।

रामगढ़ कैंट स्थित प्रधान डाकघर में मेल प्रभारी जसमीना खातून ने डाक प्राप्त की और उसे जिले के विभिन्न डाकघरों तक भेजने की व्यवस्था सुनिश्चित की। अधिकारियों के निर्देश पर अवकाश के दिन भी डाककर्मियों ने अपने दायित्व का निर्वहन किया।

रामगढ़ सब डिवीजन के सहायक डाक अधीक्षक ब्रजेश कुमार पासवान एवं पोस्टमास्टर मो. जसीम खान के मार्गदर्शन में प्रधान डाकघर में मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव रविशंकर राय राखी की बुकिंग एवं डाक सेवा से जुड़े कार्यों में सक्रिय रहे।

रक्षाबंधन तक राखियां पहुंचाने का लक्ष्य

मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव रविशंकर राय ने कहा कि देश-विदेश के अलग-अलग क्षेत्रों से बहनों ने अपने भाइयों के लिए राखियां भेजी हैं। डाक विभाग का प्रयास है कि इन राखियों को रक्षाबंधन के अवसर तक जिले के संबंधित पोस्टमैन के माध्यम से प्राप्तकर्ताओं तक पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि डाक विभाग का प्रमुख उद्देश्य लोगों तक बेहतर सेवा पहुंचाना और जनसेवा की भावना से अपने दायित्व का निर्वहन करना है।

डाककर्मियों ने छुट्टी के दिन भी निभाई जिम्मेदारी

रक्षाबंधन के मौके पर डाक सेवा को सुचारु बनाए रखने में जिले के विभिन्न डाकघरों के कर्मचारियों ने योगदान दिया। इस दौरान रविशंकर राय, पवन कुमार, राजीव कुमार, विजय कुमार पांडेय, बबीता कुमारी, जसमीना खातून, मो. हाशीब, राम कुमार मुंडा, सुकर मुंडा, ऋषिकेष खन्ना, बिनोद कुमार राम, प्रदीप कुमार, सुनैना कुमारी और आकाश कुमार राम समेत जिले भर के पोस्टमास्टर, डाकघर सहायक, पोस्टमैन, एमटीएस एवं ग्रामीण डाक सेवकों ने अपनी सेवाएं दीं।

डाक विभाग के कर्मचारियों की इस पहल से उन परिवारों की राखियां समय पर पहुंचाने में मदद मिलेगी, जो रक्षाबंधन के अवसर पर अपने भाई-बहनों से दूर हैं।