रामगढ़, झारखंड : आगामी त्योहारों को देखते हुए उपायुक्त, रामगढ़ के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने मंगलवार को शहर के विभिन्न होटलों एवं मिठाई दुकानों में औचक जांच अभियान चलाया। इस दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, साफ-सफाई और संबंधित दस्तावेजों की जांच की गई।
जांच टीम ने सुभाष चौक स्थित न्यू पूनम स्वीट्स और शालीमार स्वीट्स का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान शालीमार स्वीट्स से मोतीचूर के लड्डू और न्यू पूनम स्वीट्स से पेड़ा का नमूना संग्रह किया गया। दोनों नमूनों को जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला, नामकुम भेजा गया है।
40 लीटर एक्सपायर्ड दूध मिला
निरीक्षण के दौरान शालीमार स्वीट्स में करीब 40 लीटर एक्सपायर्ड दूध पाया गया। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मौके पर ही एक्सपायर्ड दूध को नष्ट करा दिया।
खाद्य सुरक्षा पदाधिकारियों ने सभी होटल एवं प्रतिष्ठान संचालकों को प्रतिष्ठानों में नियमित साफ-सफाई बनाए रखने तथा खाद्य सामग्री में उचित गुणवत्ता वाले पदार्थों का ही इस्तेमाल करने का निर्देश दिया। साथ ही स्पष्ट किया गया कि किसी भी परिस्थिति में एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री का प्रयोग नहीं किया जाए।
दस्तावेजों की भी हुई जांच
अभियान के दौरान संबंधित प्रतिष्ठानों के आवश्यक दस्तावेजों की भी जांच की गई। खाद्य सुरक्षा विभाग ने आगामी त्योहारों को देखते हुए खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता को लेकर प्रतिष्ठान संचालकों को विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए।
जांच टीम में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी मो. मंजर हुसैन, खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी डेरिक तिग्गा एवं खाद्य सुरक्षा कार्यालय के लुकेश रवानी शामिल थे।