रामगढ़ कैंट, झारखंड : लंबे समय से जर्जर स्थिति में पड़ी गुरुद्वारा रोड के निर्माण एवं मरम्मत की मांग आखिरकार पूरी हो गई है। कैंटोनमेंट बोर्ड की ओर से सड़क पर पेवर्स ब्लॉक लगाने और मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया गया है। सड़क निर्माण कार्य शुरू होने से स्थानीय लोगों के साथ-साथ गुरुद्वारा साहिब आने-जाने वाले श्रद्धालुओं में भी खुशी का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, वार्ड नंबर-8 के कांग्रेस अध्यक्ष अनमोल सिंह आनंद ने 3 सितंबर 2026 को कैंटोनमेंट बोर्ड के मुख्य अधिशासी अधिकारी (CEO) को आवेदन देकर गुरुद्वारा रोड की जर्जर स्थिति से अवगत कराया था। आवेदन में सड़क की खराब स्थिति के कारण स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं को हो रही परेशानियों का उल्लेख करते हुए सड़क मरम्मत की मांग की गई थी।
CEO ने आवेदन पर त्वरित संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को अतिशीघ्र कार्रवाई का निर्देश दिया। इसके बाद गुरुद्वारा रोड पर पेवर्स ब्लॉक लगाने एवं सड़क मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया गया।
सड़क निर्माण कार्य शुरू होने पर वार्डवासियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कैंटोनमेंट बोर्ड के प्रति आभार जताया। इस अवसर पर वार्ड नंबर-8 के अनमोल आनंद, जसकिरात सिंह, कारनदीप सिंह सहित पूरी टीम ने कैंटोनमेंट बोर्ड के मुख्य अधिशासी अधिकारी का धन्यवाद किया और त्वरित कार्रवाई के लिए आभार व्यक्त किया।