गणेश पूजा महोत्सव को लेकर रामगढ़ में बदली यातायात व्यवस्था, भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक

Spread the love

9 सितंबर की रात से 18 सितंबर तक कोठार चौक से थाना चौक के बीच रूट पर रहेगा  प्रतिबंध

रामगढ़ कैंट, झारखंड  :  रामगढ़ कैंट के चट्टी बाजार में आयोजित होने वाले 12वें भव्य गणेश पूजा महोत्सव को लेकर अनुमंडल प्रशासन ने यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए रूट प्रतिबंध लागू किया है। रामगढ़ युवा संघ, समिति चट्टी बाजार की ओर से 9 सितंबर से 18 सितंबर 2026 तक गणेश पूजा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है।

महोत्सव के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए यातायात व्यवस्था में व्यवधान न हो, इसके लिए अनुमंडल पदाधिकारी कृष्ण मुरारी तिर्की ने निर्धारित अवधि में कुछ मार्गों पर वाहनों के आवागमन को प्रतिबंधित करने का आदेश जारी किया है।

इन मार्गों पर वाहनों का प्रवेश रहेगा प्रतिबंधित

जारी आदेश के अनुसार 9 सितंबर 2026 को रात 9 बजे से 10 सितंबर की रात 2 बजे तक तथा 12 सितंबर से 18 सितंबर 2026 तक सुबह 6 बजे से रात 2 बजे तक निम्न मार्ग पर निर्धारित श्रेणी के वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।

कोठार चौक से थाना चौक तक तथा थाना चौक से कोठार चौक तक किसी भी प्रकार के मालवाहक वाहन, ट्रक, टेंपो, भारी वाहन एवं सवारी वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी।

प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं और आम लोगों से यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की गई है। गणेश पूजा महोत्सव के दौरान भीड़ को देखते हुए वाहन चालकों से निर्धारित प्रतिबंधित मार्गों का पालन करने को कहा गया है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि उपरोक्त के अलावा अन्य मार्गों के संबंध में पूर्व में जारी यातायात संबंधी आदेश यथावत प्रभावी रहेंगे।