जेएसएससी-जेपीएससी की कथित अनियमितताओं की CBI जांच और छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने की मांग
रामगढ़, झारखंड : जेएसएससी-जेपीएससी से जुड़ी कथित अनियमितताओं की CBI जांच कराने तथा छात्र आंदोलनों के दौरान छात्रों पर दर्ज मुकदमों को वापस लेने की मांग को लेकर भारतीय जनता पार्टी की रामगढ़ जिला इकाई ने शुक्रवार को जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने जिला अध्यक्ष संजीव कुमार सिंह के नेतृत्व में पैदल मार्च निकालकर समाहरणालय पहुंचकर प्रदर्शन किया।
भाजपा कार्यकर्ता सनशाइन बैंक्वेट हॉल से पैदल मार्च करते हुए समाहरणालय पहुंचे। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए छात्रों के हित में न्याय की मांग उठाई। प्रदर्शन के बाद उपायुक्त, रामगढ़ को मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा गया।
मधु कोड़ा बोले- युवाओं के भविष्य के साथ अन्याय का आरोप
प्रदर्शन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा ने राज्य सरकार पर युवाओं के हितों की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि झारखंड के युवा रोजगार की उम्मीद लगाए बैठे हैं, लेकिन उन्हें विभिन्न स्तरों पर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने छात्र हित में आंदोलन कर रहे छात्रों पर दर्ज मुकदमों को तत्काल वापस लेने तथा JSSC और JPSC से जुड़े मामलों की CBI जांच कराने की मांग की।
सड़क से सदन तक छात्रों की लड़ाई लड़ने का दावा
बड़कागांव विधायक रोशन लाल चौधरी ने कहा कि भाजपा छात्रों के अधिकार और न्याय की लड़ाई में सड़क से सदन तक आवाज उठाती रहेगी। उन्होंने राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए छात्रों को न्याय देने की मांग की।
भाजपा के जिला प्रभारी सुरेंद्र कुमार महतो ने भी कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि छात्रहित से जुड़े मुद्दों पर पार्टी पीछे नहीं हटेगी।
प्रदेश उपाध्यक्ष ने कहा- युवाओं के भविष्य की लड़ाई
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद ने कहा कि यह आंदोलन झारखंड के युवाओं के भविष्य और उनके अधिकारों से जुड़ा मामला है। उन्होंने JSSC एवं JPSC से जुड़े मामलों की निष्पक्ष जांच के लिए CBI जांच की मांग दोहराई। उन्होंने कहा कि यदि सरकार के पास छिपाने के लिए कुछ नहीं है तो उसे CBI जांच से पीछे नहीं हटना चाहिए।
इस दौरान भाजपा जिला महामंत्री जगेश्वर प्रजापति ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।
इन नेताओं और कार्यकर्ताओं की रही मौजूदगी
कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री राजू चतुर्वेदी ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन रामगढ़ ग्रामीण मंडल अध्यक्ष रूपा देवी ने किया।
प्रदर्शन में पूर्व जिला अध्यक्ष अमरेंद्र कुमार गुप्ता, चंद्रशेखर चौधरी, प्रिया करमाली, रणंजय कुमार उर्फ कूंटू बाबू, डॉ.संजय प्रसाद सिंह, इला रानी पाठक, रंजन फौजी, बलराम महतो, रिद्धि राज, रेखा देवी, किरण देवी, रमेश करमाली, शिव कुमार महतो, बबलू साव, रीति श्रीवास्तव, अशोक कुमार सोनी, सुनील प्रसाद, मनोज कुमार महतो, राजीव पामदत्त, धनञ्जय कुमार पुटुश,भीमसेन चौहान, संतोष शर्मा, प्रवीण कुमार सोनू, दिनेश प्रसाद, राजीव जायसवाल, विजय जायसवाल, सरदार अनमोल सिंह, शीतल सिंह, मंजू देवी, विनीता सिंह, रमा मिश्रा, खुशबू देवी, सुनीता देवी समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और महिला कार्यकर्ता मौजूद रहीं।इसके अलावा भाजपा रामगढ़ कैंट मंडल अध्यक्ष सुशांत कुमार पांडेय, संजय साह, नरेश साव, निरंजन कुमार, नूतन महतो, शौर्य प्रसाद कुशवाहा, राजेश कुमार, गोविंद रजवार, रंजन भगत, अजय पासवान, संतोष कुमार कुशवाहा, महेंद्र प्रसाद, जितेंद्र साहू, वरिष्ठ नेता युगेश महतो, रमेश वर्मा, पंकज गुप्ता, विनोद प्रसाद और रणधीर सिंह सहित अन्य कार्यकर्ता भी प्रदर्शन में शामिल हुए।