भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर अधिकारीयों ने किया माल्यार्पण

रामगढ़, झारखंड : रामगढ़ जिला स्थापना दिवस के अवसर पर उपायुक्त श्री ऋतुराज ने जिलेवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने रामगढ़ जिले की 19 वर्षों की विकास यात्रा को रेखांकित करते हुए कहा कि कड़ी मेहनत, सतत प्रयास और जिलेवासियों की सहभागिता के बल पर रामगढ़ ने पूरे राज्य में अपनी एक नई और विशिष्ट पहचान स्थापित की है।

उपायुक्त ने कहा कि हाल के समय में रामगढ़ जिला राज्य स्तर पर विकास के विभिन्न मानकों में प्रथम स्थान हासिल करने में सफल रहा है। जिला प्रशासन इस उपलब्धि और शीर्ष स्थान को बनाए रखने के लिए पूरी तरह संकल्पबद्ध है। शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, पर्यटन, खेल तथा शहरी एवं ग्रामीण संरचनात्मक विकास के प्रत्येक क्षेत्र में ठोस कार्ययोजना के साथ तेजी से कार्य किया जा रहा है।

पर्यटन के क्षेत्र में भी रामगढ़ ने बनाई पहचान
उपायुक्त ने कहा कि रामगढ़ में धार्मिक एवं प्राकृतिक पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। विश्वप्रसिद्ध मां छिन्नमस्तिका मंदिर, रजरप्पा, टूटी झरना, पतरातू डैम और माया टूंगरी पहाड़ जैसे महत्वपूर्ण स्थल लंबे समय से लोगों की आस्था और आकर्षण का केंद्र रहे हैं। समय के साथ इन क्षेत्रों में विकास कार्य भी हुए हैं। विशेष रूप से पतरातू डैम के सौंदर्यीकरण ने इसे पर्यटन के एक बड़े केंद्र के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
एनएच के आसपास सुरक्षा और जन-सुविधाओं पर जोर
जिले से गुजरने वाले दोनों प्रमुख राष्ट्रीय राजमार्गों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के साथ-साथ राहगीरों एवं आम नागरिकों के लिए बेहतर जन-सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। प्रशासन का प्रयास है कि विकास के साथ लोगों को सुरक्षित और सुविधाजनक आवागमन की व्यवस्था भी उपलब्ध हो।
गोला मंडी को मिलेगा आधुनिक स्वरूप
कृषि एवं जल संसाधन के क्षेत्र में भी जिले को आगे ले जाने के प्रयास जारी हैं। गोला प्रखंड स्थित कृषि मंडी को आधुनिक एवं नए स्वरूप में विकसित किया जा रहा है, ताकि गोला और आसपास का क्षेत्र कृषि के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित हो सके।
किसानों को आधुनिक कृषि उपकरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से गोला प्रखंड एवं आसपास के क्षेत्रों में ‘कृषि मशीनरी बैंक’ स्थापित करने की दिशा में भी कार्य चल रहा है। वहीं जल संसाधन विभाग के माध्यम से पतरातू और गोला प्रखंड में भैरवा जलाशय से सिंचाई के बेहतर प्रबंधन पर काम किया जा रहा है। आने वाले समय में इससे स्थानीय किसानों को काफी लाभ मिलने की उम्मीद है।
उच्च शिक्षा और तकनीकी शिक्षा पर विशेष जोर
उपायुक्त ने कहा कि युवाओं के भविष्य को बेहतर बनाने के लिए उच्च एवं तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में भी प्रशासनिक स्तर पर ठोस प्रयास किए जा रहे हैं। जिले में डिग्री कॉलेज के संचालन के साथ-साथ मेडिकल कॉलेज और पॉलिटेक्निक कॉलेज की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है।
युवाओं को जिले के भीतर ही रोजगार से जोड़ने के लिए विभिन्न कंपनियों के साथ समन्वय कर सीएसआर फंड के माध्यम से कौशल प्रशिक्षण एवं रोजगार उपलब्ध कराने की प्रक्रिया पर तेजी से काम किया जा रहा है।
खेल प्रतिभाओं को मिलेगा बेहतर मंच
रामगढ़ के युवाओं में खेल प्रतिभा की कमी नहीं है। इस प्रतिभा को बेहतर मंच देने और खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से जिले में कई बड़े खेल प्रोजेक्ट शुरू किए जा रहे हैं। प्रशासन का प्रयास है कि स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और सुविधाएं उपलब्ध कराकर उन्हें जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिले।
जिलेवासियों की सहभागिता को बताया सबसे महत्वपूर्ण
उपायुक्त श्री ऋतुराज ने जिले के नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि रामगढ़ के सर्वांगीण विकास में जिलेवासियों की सहभागिता सबसे महत्वपूर्ण है। जिला प्रशासन का हर कार्यालय नागरिकों के सहयोग और सहायता के लिए सदैव खुला है।
उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि वे आगे आएं और जिला प्रशासन की विभिन्न विकास परियोजनाओं में अपना सहयोग दें। अपनी समस्याओं, सुझावों और फीडबैक के लिए नागरिक किसी भी समय अधिकारियों से सीधे मिल सकते हैं। इसके अलावा ऑनलाइन फीडबैक मीटा ऐप के माध्यम से भी अपनी बात प्रशासन तक पहुंचाई जा सकती है।
उपायुक्त ने कहा कि सामूहिक प्रयास से रामगढ़ को और अधिक सुंदर, समृद्ध और अग्रणी जिला बनाया जा सकता है।
भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण
गौरतलब है कि रामगढ़ जिला स्थापना दिवस के अवसर पर उपायुक्त श्री ऋतुराज एवं पुलिस अधीक्षक श्री मुकेश कुमार लुनायत ने छत्तरमांडू स्थित भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर पुष्पार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए। वहीं जिले के अन्य क्षेत्रों में भी स्वतंत्रता सेनानियों एवं जननायकों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।