रामगढ़, झारखडं :रामगढ़ के सिदो-कान्हू मैदान में मंगलवार को दो दिवसीय जिला स्तरीय ‘खेलो झारखंड’ प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। उद्घाटन समारोह में रामगढ़ विधायक ममता देवी और मांडू विधायक निर्मल महतो मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। प्रतियोगिता के पहले दिन अंडर-17 बालक एवं बालिका वर्ग में खो-खो, कबड्डी और वॉलीबॉल के मुकाबले आयोजित किए गए।
कार्यक्रम में सांसद प्रतिनिधि राजीव जायसवाल, जिला शिक्षा पदाधिकारी अभय कुमार शील, जिला शिक्षा अधीक्षक खुशबू कुमारी और 20 सूत्री अध्यक्ष सुधीर मंगलेश विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
अतिथियों का स्वागत पौधा भेंट कर किया गया। इसके बाद अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन किया। खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करते हुए अतिथियों ने उनका उत्साह बढ़ाया और पूरे अनुशासन एवं खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने की शुभकामनाएं दीं।
मैदान पर दिखा खिलाड़ियों का उत्साह
पहले दिन अंडर-17 बालक एवं बालिका वर्ग में खो-खो, कबड्डी और वॉलीबॉल के मुकाबले खेले गए। जिले के विभिन्न प्रखंडों से विद्यालयों की टीमें प्रतियोगिता में शामिल हुईं। खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा, फिटनेस और टीम भावना का शानदार प्रदर्शन किया। मुकाबलों के दौरान मैदान पर खिलाड़ियों और उनके समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिला।
रामगढ़ विधायक ममता देवी ने कहा कि ‘खेलो झारखंड’ स्कूली बच्चों को अपनी प्रतिभा निखारने का महत्वपूर्ण मंच उपलब्ध करा रहा है। इस तरह की प्रतियोगिताओं के माध्यम से बच्चों को स्थानीय स्तर से आगे बढ़कर जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ खेल भी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
मांडू विधायक निर्मल महतो ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि वे पूरी मेहनत और लगन से खेलें। उन्होंने खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
सांसद प्रतिनिधि राजीव जायसवाल ने कहा कि खेल प्रतियोगिताओं से बच्चों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है। नियमित रूप से प्रतियोगिताओं में भाग लेने से खिलाड़ियों का आत्मविश्वास बढ़ता है और उन्हें अपनी क्षमता पहचानने का अवसर मिलता है।
20 सूत्री अध्यक्ष सुधीर मंगलेश ने कहा कि ‘खेलो झारखंड’ के जरिए ग्रामीण क्षेत्रों में मौजूद खेल प्रतिभाओं को सामने आने का अवसर मिल रहा है। खो-खो, कबड्डी और वॉलीबॉल जैसे खेलों को विद्यालय एवं ग्रामीण स्तर पर बढ़ावा देने से नई प्रतिभाओं को बेहतर मंच मिल सकता है।
इन टीमों ने मारी बाजी
वॉलीबॉल बालिका वर्ग विजेता: एसएन उच्च विद्यालय, बरकाकाना, पतरातू उपविजेता: पीएम श्री उच्च विद्यालय, बरियातू, गोला
वॉलीबॉल बालक वर्ग विजेता: जनता प्लस टू उच्च विद्यालय, चैनपुर, मांडू उपविजेता: एसएस प्लस टू उच्च विद्यालय, गोला
कबड्डी बालक वर्ग विजेता: आरबी प्लस टू उच्च विद्यालय, सांडी, चितरपुर उपविजेता: उत्क्रमित प्लस टू उच्च विद्यालय, चटाक, दुलमी
कबड्डी बालिका वर्ग विजेता: झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय, दुलमी उपविजेता: केबी प्लस टू उच्च विद्यालय, लारी, चितरपुर
खो-खो बालक वर्ग विजेता: उत्क्रमित उच्च विद्यालय, सीऊर, पतरातू उपविजेता: उत्क्रमित उच्च विद्यालय, चाड़ी हिंदी, गोला
खो-खो बालिका वर्ग विजेता: उत्क्रमित उच्च विद्यालय, सीऊर, पतरातू उपविजेता: पीएम श्री उच्च विद्यालय, कूल्ही, दुलमी
प्रतियोगिता के पहले दिन विभिन्न स्पर्धाओं में विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी, पदक एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
आयोजन का उद्देश्य विद्यालय स्तर पर छिपी खेल प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें आगे बढ़ने का अवसर देना और खेलों के माध्यम से विद्यार्थियों के शारीरिक एवं मानसिक विकास को प्रोत्साहित करना है।
मौके पर एडीपीओ अनूप माइकल केरकेट्टा, सहायक कार्यक्रम पदाधिकारी कुमार राज सहित जिले के विभिन्न विद्यालयों के शारीरिक शिक्षा शिक्षक मौजूद रहे।