मैट्रिक-इंटर परीक्षा 2027 की तैयारी तेज करने का निर्देश, डीसी ने प्रधानाध्यापकों के साथ की विद्यालयों की समीक्षा

Spread the love

रामगढ़, झारखंड :  जिले के सरकारी माध्यमिक एवं प्लस टू विद्यालयों में शैक्षणिक गुणवत्ता, आधारभूत सुविधाओं और छात्र कल्याण योजनाओं की स्थिति को लेकर मंगलवार को समाहरणालय सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। उपायुक्त ऋतुराज की अध्यक्षता में हुई बैठक में सभी सरकारी माध्यमिक एवं प्लस टू विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों के साथ विद्यालयों की व्यवस्थाओं और आगामी शैक्षणिक गतिविधियों की विस्तार से समीक्षा की गई। 

बैठक में विशेष रूप से प्रोजेक्ट रेल, आकलन परीक्षा तथा वर्ष 2027 में होने वाली मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षा की तैयारियों पर चर्चा हुई। उपायुक्त ने विद्यार्थियों के शैक्षणिक प्रदर्शन में सुधार के लिए आवश्यक कदम उठाने तथा आगामी परीक्षाओं से संबंधित सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी करने का निर्देश दिया।

विद्यालयों की मूलभूत सुविधाओं पर भी हुई चर्चा

समीक्षा के दौरान विद्यालयों में उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं और संसाधनों की स्थिति की जानकारी ली गई। आवश्यक निर्माण कार्य, भवनों के रख-रखाव तथा अन्य जरूरतों पर चर्चा करते हुए विद्यार्थियों के लिए स्वच्छ, सुरक्षित और अनुकूल शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।

उपायुक्त ने विद्यालयों की व्यवस्थाओं की बिंदुवार समीक्षा करते हुए मध्याह्न भोजन, पाठ्ययोजना, विद्यालय की दिनचर्या, पुस्तकालय, साफ-सफाई, शौचालय, रख-रखाव, स्टॉक पंजी और विज्ञान प्रयोगशाला सहित अन्य व्यवस्थाओं को नियमित रूप से दुरुस्त रखने का निर्देश दिया।

छात्र कल्याण योजनाओं का लाभ समय पर देने पर जोर

बैठक में विद्यार्थियों से जुड़ी विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की प्रगति भी जांची गई। छात्र कोष एवं विकास कोष, आईएफए तथा एल्बेंडाजोल की गोलियों का वितरण, छात्रवृत्ति, सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना, पेयजल और विद्युत सुविधा की स्थिति की जानकारी ली गई।

उपायुक्त ने निर्देश दिया कि पात्र विद्यार्थियों को योजनाओं का लाभ निर्धारित समय पर मिले और इसके क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं हो।

अभिलेख अद्यतन रखने का निर्देश

विद्यालयों में संचालित शैक्षणिक गतिविधियों और विभिन्न पंजियों के संधारण की भी समीक्षा की गई। प्रधानाध्यापकों को सभी आवश्यक अभिलेखों को अद्यतन एवं व्यवस्थित रखने तथा विद्यालय की गतिविधियों का नियमित रूप से रिकॉर्ड संधारित करने का निर्देश दिया गया।

बैठक में फिलो कार्यक्रम के क्रियान्वयन की स्थिति पर भी चर्चा हुई। विद्यालयों में कार्यक्रम के तहत संचालित गतिविधियों, विद्यार्थियों को मिल रहे लाभ और संबंधित अभिलेखों के संधारण की जानकारी लेते हुए इसके प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया गया।

केपीएमजी रिपोर्ट में जिले का प्रदर्शन बेहतर करने पर जोर

शिक्षा विभाग के लिए राज्य स्तर से प्रत्येक माह जारी होने वाली केपीएमजी रिपोर्ट में रामगढ़ जिले के प्रदर्शन की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों एवं प्रधानाध्यापकों को निर्धारित संकेतकों पर विशेष ध्यान देने और आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए जिले की स्थिति में लगातार सुधार लाने का निर्देश दिया।

उपायुक्त ऋतुराज ने कहा कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के साथ विद्यालयों में बेहतर आधारभूत सुविधाएं और स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करना प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने तथा आगामी परीक्षाओं और शैक्षणिक गतिविधियों की तैयारी समय पर पूरी करने का निर्देश दिया।

बैठक में विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल, जिला शिक्षा पदाधिकारी अभय कुमार शील, जिला शिक्षा अधीक्षक खुशबू कुमारी, डीएमएफटी की टीम, कनीय अभियंता सहित जिले के सभी सरकारी माध्यमिक एवं प्लस टू विद्यालयों के प्रधानाध्यापक उपस्थित रहे।