रामगढ़ कैंट, झारखंड : रामगढ़ शहर के झंडा चौक स्थित चर्चित डीयू मिशन (सीएनआई चर्च) की जमीन को लेकर चल रहे विवाद के बीच मंगलवार को न्यायालय के आदेश पर 27 डिसमिल जमीन पर दावेदार को कब्जा दिलाने की प्रक्रिया प्राम्भ किया गया। न्यायालय के आदेश के अनुपालन में दंडाधिकारी की मौजूदगी और पुलिस बल की तैनाती के बीच सरकारी कर्मियों ने जमीन की नापी कराई। नापी के बाद संबंधित हिस्से पर झंडा गाड़कर दावेदार को दखल दिलाने का कार्य जारी था। मंगलवार को देर शाम तक दखल दिहानी की पक्रिया जारी थी।
यह कार्रवाई पाठक परिवार निवासी झंडा चौक, रामगढ़ की ओर से किए गए दावे और न्यायालय के पूर्व आदेश के आधार पर की गई। जमीन पर कब्जा दिलाने की कार्रवाई के दौरान प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ सरकारी कर्मी मौके पर मौजूद रहे। इस संबंध में तीन सितंबर 2026 को पाठक परिवार के नवीन पाठक पिता नंदकिशोर पाठक ने रामगढ़ थाना में आवेदन देकर उक्त जमीन पर जेसीबी चलाये जाने का विरोध करते हुये कार्रवाई की मांग की थी।
1963 के मुकदमे और 2006 के निष्पादन मामले का हवाला
नवीन पाठक की ओर से रामगढ़ थाना में दिए गए आवेदन में जमीन से संबंधित पुराने विवाद और न्यायालयीय प्रक्रिया का उल्लेख किया गया है। आवेदन के अनुसार उनके परदादा गोवर्धन पाठक खतियानी रैयत थे। उनके द्वारा डीयू मिशन के लिए एमडब्ल्यू केरेकेट्टा के नाम दो एकड़ 86 डिसमिल तथा ओवे धान के नाम 46 डिसमिल जमीन बंदोबस्त किए जाने का दावा किया गया है।
आवेदन में कहा गया है कि संबंधित जमीन दरायती किस्म की थी। बाद में प्लॉट संख्या 457, 459, 460 और 461 की नापी कराए जाने पर कथित रूप से यह बात सामने आई कि दोनों पक्षों की ओर से निर्धारित जमीन से अधिक हिस्से पर कब्जा किया गया है।
नवीन पाठक के द्वारा रामगढ थाना में दिया गए आवेदन के अनुसार, अतिरिक्त जमीन खाली करने का अनुरोध किए जाने के बावजूद स्थिति का समाधान नहीं हुआ। इसके बाद इस मामले को लेकर हजारीबाग न्यायालय में टाइटल सूट संख्या 625/1963 दायर किया गया। आवेदन में कहा गया कि उक्त मुकदमे में पाठक परिवार के पक्ष में डिग्री हुई थी।
इसी न्यायालयी आदेश के आधार पर कब्जा दिलाने के लिए निष्पादन मामला संख्या 03/2006 का हवाला दिया गया है। मंगलवार, 15 सितंबर 2026, को इसी प्रक्रिया के तहत 27 डिसमिल जमीन पर दखल-दिहानीki प्रक्रिया मंगलवार 15 सितम्बर 2026 को प्रारम्भ की गयी ।
कार्रवाई के दौरान मौके पर दिखी हलचल
डीयू मिशन की जमीन को लेकर लंबे समय से चर्चा के बीच मंगलवार की दखल-दिहानी के दौरान मौके पर काफी हलचल रही। जमीन के आसपास कुछ लोग स्थिति पर नजर रखते दिखाई दिए। कार्रवाई के दौरान तथाकथित मीडिया से जुड़े एक व्यक्ति की सक्रियता को लेकर भी मौके पर मौजूद लोगों के बीच चर्चा रही। न्यायालय के एक कर्मी द्वारा उक्त व्यक्ति को वहां की कार्रवाई में हस्तक्षेप नहीं करने को लेकर फटकार लगाए जाने की बात भी सामने आई। मौके पर पाठक परिवार के लोग भी बड़ी संख्या में मौजूद थे ।
पूरे जमीन विवाद पर प्रशासन की भी नजर
डीयू मिशन की जमीन को लेकर चल रहे विवाद के बीच रामगढ़ के अनुमंडल पदाधिकारी की ओर से सभी संबंधित पक्षों से जमीन से जुड़े दस्तावेज उपलब्ध कराने का निर्देश दिए जाने की जानकारी सामने आई है। साथ ही जमीन की विस्तृत मापी कराए जाने की प्रक्रिया भी चर्चा में है।
मंगलवार को न्यायालय के आदेश पर 27 डिसमिल जमीन पर दखल-दिहानी की कार्रवाई के बाद इस पूरे विवाद में नया मोड़ आया है। जमीन के स्वामित्व और अन्य दावों से जुड़े विवाद का अंतिम निष्कर्ष संबंधित न्यायालयी आदेशों और प्रशासनिक अभिलेखों के आधार पर ही स्पष्ट होगा।
रामगढ़ शहर में डीयू मिशन की जमीन का मामला पिछले कुछ समय से लगातार चर्चा में है। ऐसे में मंगलवार की कार्रवाई के बाद इस मामले से जुड़े दस्तावेज, पुराने न्यायालयी आदेश और जमीन की प्रस्तावित मापी पर लोगों की नजर बनी हुई है।