मांडू (रामगढ़), झारखंड :उपायुक्त रामगढ़ श्री ऋतुराज ने बुधवार को मांडू क्षेत्र का विस्तृत भ्रमण कर विभिन्न विकास योजनाओं, बुनियादी ढांचागत कार्यों और प्रस्तावित परियोजनाओं के लिए चिन्हित स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को योजनाओं को गति देने और निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए।
जोड़ा तालाब के कायाकल्प को लेकर दिए निर्देश
भ्रमण के क्रम में उपायुक्त जोड़ा तालाब, मांडू पहुंचे और तालाब के कायाकल्प एवं सौंदर्यीकरण से संबंधित कार्यों की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने तालाब परिसर में आधुनिक प्रकाश व्यवस्था लगाने, हरित पट्टी विकसित करने तथा लोगों के आवागमन के लिए पैदल पथ का निर्माण कराने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने तालाब के जल की नियमित स्वच्छता पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि तालाब परिसर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित रखने के साथ जल की गुणवत्ता और स्वच्छता की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए, ताकि यह क्षेत्र आमजनों के लिए बेहतर उपयोगी और आकर्षक बनाया जा सके।
नया मोड़-गिद्दी हीरक रोड की जल्द होगी मरम्मत
इसके बाद उपायुक्त ने नया मोड़ से गिद्दी हीरक रोड का निरीक्षण कर सड़क की वर्तमान स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित विभागों एवं कार्यकारी एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर सड़क की मरम्मत का कार्य शीघ्र शुरू कराने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि सड़क की स्थिति में सुधार के लिए आवश्यक कार्रवाई में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए। संबंधित एजेंसियां आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए मरम्मत कार्य को निर्धारित समय में पूरा करें।
डिग्री कॉलेज के लिए चिन्हित भूमि का निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने रेमरा, मांडू में प्रस्तावित डिग्री कॉलेज के निर्माण के लिए चिन्हित भूमि का भी स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने भूमि हस्तांतरण और निर्माण से संबंधित प्रक्रियाओं की जानकारी ली तथा अधिकारियों को आवश्यक प्रक्रियात्मक अड़चनों को दूर करते हुए कार्य को तेजी से आगे बढ़ाने का निर्देश दिया।
इसके अलावा उपायुक्त ने मांडू क्षेत्र में विभिन्न महत्वाकांक्षी विकास योजनाओं के लिए चिन्हित अन्य स्थलों का भी भौतिक सत्यापन किया। उन्होंने सभी संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं हो और सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरे किए जाएं।
पूरे निरीक्षण के दौरान प्रभारी पदाधिकारी, गोपनीय शाखा श्री रविंद्र कुमार गुप्ता, अंचल अधिकारी श्रीमती तृप्ति विजया कुजूर सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।