मांडू (रामगढ़), झारखंड : उपायुक्त रामगढ़ श्री ऋतुराज ने बुधवार को मांडू स्थित प्रखंड सह अंचल कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालय परिसर का भ्रमण कर प्रशासनिक व्यवस्थाओं, आमजनों के लिए उपलब्ध सुविधाओं तथा विभिन्न विकास एवं कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के बाद उपायुक्त ने अंचल कार्यालय के पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ बैठक कर उनके दैनिक कार्यों और विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। अंचल अधिकारी श्रीमती तृप्ति विजय कुजूर की मौजूदगी में हुई बैठक में उपायुक्त ने अंचल स्तर पर लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाते हुए लंबित मामलों की संख्या शून्य करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने विशेष रूप से दाखिल-खारिज के मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि लंबित मामलों के निपटारे में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने मांडू प्रखंड क्षेत्र में भवनहीन एवं नए आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण के लिए शीघ्र उपयुक्त सरकारी भूमि चिह्नित करने का भी निर्देश दिया। साथ ही बच्चों एवं माताओं के लिए पोषाहार की आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने तथा मीटा पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों और शिकायतों का पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा।
एमटी गोदाम में खाद्यान्न की गुणवत्ता और वजन की जांच
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने प्रखंड-अंचल परिसर स्थित एमटी गोदाम का भी गहन निरीक्षण किया। उन्होंने खाद्यान्न आपूर्ति व्यवस्था की जानकारी लेते हुए मौके पर चावल की बोरियों का वजन कराया। इसके अलावा नमक सहित अन्य आपूर्ति की जा रही सामग्रियों की गुणवत्ता की भी जांच की।
उपायुक्त ने गोदाम में उपलब्ध खाद्यान्न के भौतिक भंडार का स्टॉक एवं आवंटन पंजी में दर्ज विवरण से मिलान कराया। उन्होंने संबंधित कर्मियों को सभी अभिलेखों को अद्यतन रखने तथा खाद्यान्न वितरण एवं भंडारण व्यवस्था में पूर्ण पारदर्शिता बनाए रखने का निर्देश दिया।
जर्जर भवनों को हटाने और नए प्रशासनिक भवन की डीपीआर बनाने का निर्देश
परिसर के निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने वर्षों पुराने एवं जर्जर भवनों की स्थिति का भी जायजा लिया। उन्होंने सुरक्षा के दृष्टिकोण से जीर्ण-शीर्ण भवनों को अविलंब ध्वस्त करने की कार्रवाई करने का निर्देश दिया। साथ ही नए प्रशासनिक भवन के निर्माण के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार करने को कहा।
उपायुक्त ने प्रखंड परिसर स्थित जीआरसी मांडू में आमजनों के लिए उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं की भी समीक्षा की। इसके अलावा प्रखंड संसाधन केंद्र में संचालित शैक्षणिक गतिविधियों और उपलब्ध संसाधनों की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण एवं समीक्षा बैठक के दौरान प्रभारी पदाधिकारी, गोपनीय शाखा श्री रविंद्र कुमार गुप्ता, अंचल अधिकारी श्रीमती तृप्ति विजय कुजूर, प्रखंड विकास पदाधिकारी श्रीमती रीना कुजूर सहित अंचल एवं प्रखंड कार्यालय के विभिन्न पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।