रामगढ़ कैंट, झारखंड : रामगढ़ की सामाजिक एवं आध्यात्मिक संस्था शांतिधारा फाउंडेशन की ओर से पीएम श्री मध्य विद्यालय, कोयरी टोला रामगढ़ के पुस्तकालय के लिए प्रेरक, शिक्षाप्रद एवं आध्यात्मिक विषयों पर आधारित 40 नई पुस्तकें उपहार स्वरूप प्रदान की गईं। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों में पढ़ने की आदत विकसित करने के साथ नैतिक मूल्यों और संस्कारों को बढ़ावा देना है।
विद्यार्थियों में पढ़ने की आदत विकसित करना उद्देश्य
इस अवसर पर शांतिधारा फाउंडेशन के संस्थापक एवं अध्यक्ष सुरेश पी. अग्रवाल ने बताया कि विद्यार्थियों में पढ़ने के प्रति जागरूकता फैलाने और उनमें अच्छे संस्कार विकसित करने के उद्देश्य से संस्था द्वारा क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों को क्रमवार पुस्तकें प्रदान की जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि इन पुस्तकों के माध्यम से विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों, सकारात्मक सोच और संस्कारों के विकास को प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है। पुस्तकें बच्चों के ज्ञानवर्धन के साथ उनके व्यक्तित्व निर्माण में भी उपयोगी साबित हो सकती हैं।
प्रधानाध्यापिका ने संस्था के प्रति जताया आभार
विद्यालय की प्रधानाध्यापिका ज्ञानी कुमारी ने कहा कि पुस्तकें अच्छी मित्र होती हैं। उन्होंने कहा कि शांतिधारा फाउंडेशन की ओर से उपलब्ध कराई गई पुस्तकों में प्रेरणादायक कहानियां शामिल हैं, जो विद्यार्थियों के साथ-साथ शिक्षकों के लिए भी उपयोगी होंगी।
प्रधानाध्यापिका ने इस सराहनीय पहल के लिए शांतिधारा फाउंडेशन के प्रति विद्यालय परिवार की ओर से आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक संजीव कुमार, संजय, शिक्षिकाएं अनुपा मिंज, मीनाक्षी जायसी, संगीता देवी एवं मीना कुमारी सहित सभी शिक्षक उपस्थित रहे।