शैक्षणिक संस्थानों के 100 मीटर दायरे में कोटपा अधिनियम को लेकर जांच अभियान

Spread the love

रामगढ़, झारखंड :  उपायुक्त रामगढ़ ऋतुराज के निर्देश पर सोमवार को शैक्षणिक संस्थानों के आसपास कोटपा अधिनियम के अनुपालन को लेकर विशेष जांच अभियान चलाया गया। जिला शिक्षा पदाधिकारी अभय कुमार शील के नेतृत्व में अंचल अधिकारी रामगढ़ रमेश रविदास एवं रामगढ़ थाना के कर्मियों ने अभियान में भाग लिया।

यह अभियान नारकोटिक्स कोऑर्डिनेशन कमिटी (NCORD) की बैठक में उपायुक्त द्वारा दिए गए निर्देशों के आलोक में संचालित किया गया। इसके तहत शैक्षणिक संस्थानों के 100 मीटर की परिधि में तंबाकू एवं तंबाकू उत्पादों की बिक्री तथा कोटपा अधिनियम के प्रावधानों के अनुपालन की स्थिति की जांच की गई।

गांधी स्मारक विद्यालय सहित अन्य संस्थानों के आसपास जांच

जांच अभियान के दौरान गांधी स्मारक मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय, एसएस बालिका मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय एवं रामगढ़ कॉलेज के आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया गया। टीम ने विशेष रूप से यह जायजा लिया कि संबंधित शैक्षणिक संस्थानों के 100 मीटर के दायरे में तंबाकू उत्पादों की बिक्री तो नहीं हो रही है।

इस दौरान दुकानदारों एवं आसपास के लोगों को तंबाकू उत्पादों की बिक्री और सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही शैक्षणिक संस्थानों की निर्धारित 100 मीटर परिधि में तंबाकू उत्पादों की बिक्री नहीं करने तथा कोटपा अधिनियम के प्रावधानों का अनिवार्य रूप से पालन करने का निर्देश दिया गया।

नियमित रूप से जारी रहेगा जांच एवं जागरूकता अभियान

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि शैक्षणिक संस्थानों के आसपास तंबाकू एवं तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर रोक और कोटपा अधिनियम के प्रावधानों का अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए जांच एवं जागरूकता अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगा।

प्रशासन ने आमजनों, दुकानदारों एवं विशेष रूप से युवाओं से तंबाकू और नशीले पदार्थों से दूर रहने की अपील की। साथ ही नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करने का आह्वान किया।