बरकाकाना में चलते ट्रक में लगी भीषण आग, चालक और खलासी बाल-बाल बचे

Spread the love

रामगढ कैंट, झारखंड :  पतरातू-रामगढ़ मार्ग पर लोको कॉलोनी पोचरा चौक के समीप सोमवार की देर रात एक 14 चक्का ट्रक में अचानक आग लग गई। घटना में ट्रक का पिछला हिस्सा, 12 चक्के, तेल की टंकी और लदा हुआ सीमेंट जलकर राख हो गया। हालांकि बरकाकाना ओपी पुलिस की तत्परता से चालक और खलासी को सुरक्षित ट्रक से बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

जानकारी के अनुसार ट्रक संख्या जेएच 10 डीजे 8426 पतरातू की ओर से सीमेंट लादकर रामगढ़ की ओर जा रहा था। इसी दौरान ट्रक के पिछले हिस्से में आग लग गई। आग लगने की जानकारी चालक को नहीं थी और वह ट्रक को लेकर आगे बढ़ता रहा।

इसी दौरान पीछे से गश्त कर रहे बरकाकाना ओपी पुलिस दल की नजर ट्रक के पिछले हिस्से से उठती आग की लपटों पर पड़ी।  तत्काल ट्रक को सड़क किनारे रुकवाया और चालक तथा खलासी को नीचे उतारा।

पुलिस ने तत्काल अग्निशमन विभाग को घटना की सूचना दी। देखते ही देखते आग ने ट्रक के पिछले हिस्से को पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलने के बाद अग्निशमन विभाग की टीम पोचरा पहुंची और करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

आग की इस घटना में ट्रक के 12 चक्के, तेल की टंकी, पिछला हिस्सा और ट्रक पर लदा सीमेंट जलकर राख हो गया। घटना में किसी के घायल या हताहत होने की सूचना नहीं है।