वियतनाम सड़क हादसे में झारखंड के दो योग शिक्षकों की मौत, रांची-जमशेदपुर में परिवारों पर टूटा दुख

Spread the love

 रांची / जमशेदपुर (झारखंड)  :  वियतनाम में हुए सड़क हादसे में झारखंड के दो योग शिक्षकों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान रांची निवासी राजा कुमार और जमशेदपुर के कदमा थाना क्षेत्र स्थित शास्त्रीनगर निवासी विनय यादव के रूप में हुई है। दोनों युवक वियतनाम में योग शिक्षक के तौर पर काम कर रहे थे।

जानकारी के अनुसार, 25 सितंबर को योग कक्षा समाप्त करने के बाद दोनों स्कूटी से लौट रहे थे। इसी दौरान सड़क हादसा हो गया। दुर्घटना में राजा कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल विनय यादव को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। उपचार के दौरान 26 सितंबर को विनय की भी मौत हो गई।

करीब दो वर्षों से वियतनाम में कर रहे थे काम

परिजनों के अनुसार, विनय यादव करीब दो वर्ष पहले योग शिक्षक के रूप में रोजगार के लिए वियतनाम गए थे। वहीं राजा कुमार ने भी योग का प्रशिक्षण लेने के बाद वियतनाम में योग प्रशिक्षक के रूप में काम शुरू किया था। दोनों युवक विदेश में रहकर अपने परिवार की आर्थिक मदद कर रहे थे।

राजा कुमार के परिवार के मुताबिक, उन्होंने करीब चार वर्षों तक योग का प्रशिक्षण लिया था। वियतनाम में नौकरी के दौरान वह नियमित रूप से परिवार को आर्थिक सहयोग भेजते थे।

शव भारत लाने की प्रक्रिया जारी

हादसे के बाद दोनों परिवार शवों को भारत लाने की प्रक्रिया में जुटे हैं। राज्य के स्टेट माइग्रेंट वर्कर्स कंट्रोल रूम की प्रमुख शिखा लकड़ा के अनुसार, राजा कुमार के शव को भारत लाने के लिए परिवार की ओर से करीब 14 लाख रुपये की व्यवस्था की गई है।

वहीं, विनय यादव के शव को भारत लाने के लिए उनके परिवार की ओर से आवेदन मिलने की प्रक्रिया का इंतजार किया जा रहा है। प्रशासन की ओर से दोनों परिवारों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।

दोनों शवों को भारत लाने के लिए वियतनाम में संबंधित औपचारिकताओं और कागजी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।