2029 के विधानसभा चुनाव में ताल ठोकेंगे बलसगरा के लालधन महतो, पोस्टर जारी कर किया विकास का वादा

Spread the love

गिद्दी ( हज़ारीबाग ), झारखंड :  झारखंड में विधानसभा चुनाव 2029 को लेकर गिद्दी कोयलांचल व मांडू विधान सभा क्षेत्र में अभी से एक दिलचस्प चर्चा शुरू हो गई है। डाड़ी प्रखंड के बलसगरा निवासी लालधन महतो ने आगामी विधानसभा चुनाव मांडू से लड़ने की घोषणा कर दी है। उन्होंने अपना चुनावी पोस्टर भी जारी कर दिया है, जो क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। पोस्टर में विकास के बड़े-बड़े वादों के साथ मतदाताओं से समर्थन की अपील की गई है। उनकी चुनावी तैयारी को लेकर लोग अपने-अपने अंदाज में चर्चा कर रहे हैं।

पोस्टर में गांव, गरीब, किसान और युवाओं के विकास का संकल्प

लालधन महतो की ओर से जारी पोस्टर में सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य सेवाओं और किसानों की समृद्धि जैसे मुद्दों को प्रमुखता दी गई है। इसके अलावा युवाओं के लिए कौशल विकास और नौकरी, आदिवासी-मूलवासी समाज के सम्मान तथा महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तीकरण का वादा भी किया गया है।

पोस्टर पर “मेरा क्षेत्र का, मेरा संकल्प” और “इस बार चुनाव, विकास के लिए संकल्प के साथ” जैसे नारे लिखे गए हैं। साथ ही मतदाताओं से वोट देने की अपील की गई है। पोस्टर में संपर्क नंबर भी जारी किया गया है।

पिता भी लड़ चुके हैं निर्दलीय चुनाव

लालधन महतो वर्तमान में डाड़ी प्रखंड के संकुल संसाधन केंद्र में संकुल संसाधन व्यक्ति (सीआरपी) के रूप में कार्यरत हैं। उनके परिवार का चुनावी इतिहास भी रहा है। उनके पिता तारो महतो ने 1970 के दशक में निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ा था, हालांकि उन्हें सफलता नहीं मिली थी।

अब उनके पुत्र लालधन महतो ने भी 2029 के विधानसभा चुनाव में उतरने की घोषणा कर दी है। पिता के बाद पुत्र की चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी ने इस मामले को और रोचक बना दिया है।

चुनाव से पहले ही चर्चा में आया पोस्टर

चुनाव में अभी समय है, लेकिन लालधन महतो के पोस्टर और उनकी घोषणा ने स्थानीय स्तर पर लोगों का ध्यान खींचा है। कोई उनके चुनाव लड़ने के फैसले पर चर्चा कर रहा है, तो कोई पोस्टर में किए गए वादों को लेकर अपनी राय दे रहा है।

अब देखना दिलचस्प होगा कि लालधन महतो की यह चुनावी घोषणा आगे किस रूप में सामने आती है और चुनाव नजदीक आने पर उनकी राजनीतिक सक्रियता किस दिशा में बढ़ती है। फिलहाल, 2029 के चुनाव से पहले ही उनका पोस्टर क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया है।