कुजू (रामगढ़), झारखंड : कुजू ओपी क्षेत्र की करमा पंचायत अंतर्गत उचकाहा गांव में रविवार सुबह जमीन विवाद को लेकर बड़े भाई ने छोटे भाई की हत्या कर दी। मृतक की पहचान 50 वर्षीय कजरूलाल महतो, पिता स्वर्गीय अंबरी महतो, के रूप में हुई है। घटना के बाद पुलिस ने आरोपित बड़े भाई लखन महतो को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या में इस्तेमाल किया गया फरसा भी बरामद कर लिया गया है।
मारा गया छोटा भाई कजरू लाल महतो ( फाइल फोटो )
घर के पास खड़े छोटे भाई पर किया हमला
मिली जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब सात बजे कजरूलाल महतो अपने घर के पास खड़े थे। इसी दौरान उनके बड़े भाई 55 वर्षीय लखन महतो फरसा लेकर वहां पहुंचे और उन पर हमला कर दिया। गर्दन पर धारदार हथियार से वार किए जाने के कारण कजरूलाल महतो की मौके पर ही मौत हो गई।
बताया जाता है कि दोनों भाइयों के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। यह जमीन उनके पिता स्वर्गीय अंबरी महतो ने सीसीएल से सेवानिवृत्त होने के बाद मिले पैसों से खरीदी थी। इसी संपत्ति को लेकर दोनों के बीच तनाव बना हुआ था।
पुलिस ने आरोपित को पकड़ा, फरसा बरामद
घटना की सूचना मिलते ही कुजू ओपी के पुलिस अवर निरीक्षक अभिनव कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित लखन महतो को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही वारदात में इस्तेमाल किया गया फरसा भी बरामद कर लिया गया।
पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, रामगढ़ भेज दिया। मृतक की पत्नी सावित्री देवी के लिखित बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
परिवार में पसरा मातम, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
कजरूलाल महतो अपने घर के पास ही राशन की दुकान चलाते थे, जबकि आरोपित लखन महतो ट्रक चालक बताया गया है। घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम छा गया है। पत्नी सावित्री देवी और उनके पुत्र विनय कुमार तथा बेटियों रेशमी कुमारी और श्वेता कुमारी का रो-रोकर बुरा हाल है।
वारदात की खबर फैलते ही घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीण महिला-पुरुष जुट गए। करमा पंचायत के मुखिया खगेश्वर महतो ने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी।