रामगढ़ कैंट, झारखंड : शहर के झंडा चौक स्थित माता वैष्णो देवी मंदिर में शारदीय नवरात्र का समापन सोमवार को अटूट भंडारे के साथ हुआ। भंडारे में रामगढ़ सहित आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे लगभग 10 हजार श्रद्धालुओं ने माता का प्रसाद ग्रहण किया। सुबह 8 बजे शुरू हुआ भंडारा देर शाम तक चलता रहा।
माता वैष्णो देवी मंदिर में शारदीय नवरात्र की शुरुआत 11 अक्टूबर को विधिवत कलश स्थापना के साथ हुई थी। नौ दिनों तक चले धार्मिक अनुष्ठानों के बाद सोमवार को भंडारे का आयोजन किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। भक्त कतारबद्ध होकर माता का जयकारा लगाते हुए प्रसाद ग्रहण करते रहे।
पंजाबी हिंदू बिरादरी और मंदिर ट्रस्ट का सराहनीय योगदान
भंडारे को सफल बनाने में पंजाबी हिंदू बिरादरी और माता वैष्णो देवी मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारियों एवं सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आयोजन में ट्रस्ट के अध्यक्ष सुरत चन्द्र वासुदेव, महासचिव महेश मारवाह सहित बिरादरी के सभी सदस्यों ने सराहनीय योगदान दिया।
नवरात्र के समापन पर मंदिर परिसर में भक्तिमय माहौल रहा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भागीदारी ने आयोजन को विशेष बना दिया।