जन चेतना अभियान के तहत बिजूलिया तालाब में सामूहिक श्रमदान, स्वच्छता का दिया संदेश

Spread the love
स्वच्छता की शपथ लेते लोग

रामगढ़ कैंट, झारखंड : जन चेतना अभियान 2026 के तहत शनिवार, 31 अक्टूबर को छावनी परिषद रामगढ़ की ओर से वार्ड संख्या 08 स्थित बिजूलिया तालाब परिसर में सामूहिक स्वैच्छिक श्रमदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में छावनी परिषद के नामित सदस्य अनमोल सिंह सहित शहर के कई गणमान्य नागरिक शामिल हुए।

कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय एकता की शपथ और स्वच्छता की शपथ दिलाकर की गई। इसके बाद उपस्थित अतिथियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों ने सामूहिक रूप से श्रमदान करते हुए बिजूलिया तालाब परिसर की साफ-सफाई की और स्वच्छता का संदेश दिया।

इस अवसर पर छावनी परिषद के मुख्य अधिशासी अधिकारी विवेक सिंह ने कहा कि जन चेतना अभियान के तहत शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर सामूहिक श्रमदान किया जा रहा है। स्वच्छता और जनभागीदारी से जुड़े ऐसे कार्यक्रम आगे भी निरंतर आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने नागरिकों से स्वच्छता को अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाने तथा शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने में सक्रिय योगदान देने की अपील की।

मुख्य अतिथि अनमोल सिंह ने भी शहरवासियों से स्वच्छता जागरूकता अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने और अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में ग्रीन एनवायरनमेंट के स्वच्छता दूत उपेंद्र पांडे, सीएसडी के राजनंदन मेहता, अंकिता धावक अकादमी के शिक्षक अंकित अग्रवाल एवं अंकित सिंह सहित छात्र-छात्राएं शामिल हुए। इसके अलावा छावनी परिषद रामगढ़ के अधिकारी एवं कर्मचारी, वीएच कंसल्टेंसी एंड वेस्ट मैनेजमेंट सर्विसेज की टीम तथा शहर के अनेक गणमान्य एवं आम नागरिकों ने भी श्रमदान में भाग लिया।