श्री कृष्ण विद्या मंदिर में मना राष्ट्रीय एकता दिवस, विद्यार्थियों ने लिया अखंड भारत की एकता का संकल्प

Spread the love

रामगढ़ कैंट, झारखंड : लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर शनिवार को श्री कृष्ण विद्या मंदिर में राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने देश की एकता और अखंडता बनाए रखने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के तहत विद्यालय के उपप्राचार्य विजय तिवारी एवं खेल शिक्षक मनोरंजन चौधरी के नेतृत्व में विद्यार्थियों ने सरदार वल्लभभाई पटेल चौक पहुंचकर उनकी प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित किए। विद्यार्थियों ने राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान, अदम्य साहस, दूरदर्शिता और देश के प्रति समर्पण को याद किया।

वहीं, विद्यालय परिसर में राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर विभिन्न शारीरिक एवं शैक्षणिक गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रीय एकता की शपथ के साथ हुई। इसके बाद फिट इंडिया रन, विभिन्न फिटनेस गतिविधियां और चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। अंत में प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों के सामान्य ज्ञान और सरदार पटेल के जीवन एवं योगदान से संबंधित जानकारी को समृद्ध किया गया।

इस अवसर पर विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष आनंद अग्रवाल (अधिवक्ता) एवं प्राचार्या गुरप्रीत कौर ने विद्यार्थियों को सरदार पटेल के जीवन से देशप्रेम, एकता और समर्पण की प्रेरणा लेने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि अखंड भारत की परिकल्पना को साकार बनाए रखने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।

कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को यह संदेश दिया गया कि सरदार पटेल ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति और कुशल नेतृत्व से देश की एकता को मजबूत करने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। उनकी विरासत और अखंड भारत की गरिमा को बनाए रखना हम सभी का सामूहिक दायित्व है।