रामगढ़, झारखंड : उपायुक्त ऋतुराज ने मंगलवार को रामगढ़ नगर परिषद क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण कर छठ महापर्व की तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने कैथा प्राचीन मंदिर के समीप स्थित तालाब का भ्रमण किया और वहां चल रहे कार्यों की प्रगति की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी को निर्देश दिया कि सभी छठ घाटों पर तैयारियां युद्धस्तर पर पूरी की जाएं। उन्होंने दीपावली से पूर्व सभी आवश्यक कार्य संपन्न करने को कहा, ताकि छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो।
उन्होंने घाटों पर पर्याप्त रोशनी, चेंजिंग रूम, जलाशयों में सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग और सुगम आवागमन के लिए रास्तों सहित सभी जरूरी सुविधाएं समय सीमा के भीतर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने बताया कि शुक्रवार को रामगढ़ नगर परिषद एवं रामगढ़ छावनी परिषद क्षेत्र के छठ घाटों की तैयारियों की समीक्षा की जाएगी। इस दौरान दोनों निकायों के संबंधित पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में हुए कार्यों का अद्यतन प्रगति प्रतिवेदन लेकर उपस्थित रहने का निर्देश दिया गया है।
निरीक्षण के दौरान नगर परिषद अध्यक्ष कुसुमलता कुमारी, उपाध्यक्ष रंधीर कुमार, कार्यपालक पदाधिकारी अजमल हुसैन, नगर प्रबंधक राजीव रंजन एवं मेघनाथ चौधरी तथा सफाई पर्यवेक्षक रोशन कुमार उपस्थित थे।