नर्स लवली कुमारी मामले में सुभाष चौक जाम, शहरवासी दूसरे दिन भी रहे परेशान

Spread the love

जाम करने वालों को समझाते एसडीपीओ 

रामगढ़, झारखंड  : रामगढ़ शहर में लगातार दूसरे दिन शुक्रवार को भी लोगों को जाम की समस्या से जूझना पड़ा। शुक्रवार 13 दिसंबर २०२५ को आत्महत्या कर चुकी नर्स लवली कुमारी के परिजनों एवं स्थानीय लोगों ने सुभाष चौक को जाम कर दिया। जाम के कारण शहर की यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित रही।

जानकारी के अनुसार, पोस्टमार्टम के बाद शव लेने के बाद लवली कुमारी के परिजन शव के साथ सबसे पहले चट्टी बाजार पहुंचे। वहां गोला रोड स्थित उस निजी नर्सिंग होम के सामने सड़क जाम कर दी गई, जहां लवली कुमारी कार्यरत थी। जाम कर रहे लोगों का आरोप था कि लवली कुमारी की हत्या कर उसे आत्महत्या का रूप दिया जा रहा है। सूचना पर पुलिस बल एवं प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और वहां से जाम हटवाया।

इसके बाद परिजन एवं समर्थक शव के साथ सुभाष चौक पहुंचे और वहां सड़क जाम कर दिया। जाम हटाने के लिए एसडीओ, एसडीपीओ, थाना प्रभारी समेत अन्य अधिकारियों ने लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन जामकर्ता अपनी मांगों पर अड़े रहे। इस दौरान कई बार प्रशासन और प्रदर्शनकारियों के बीच बातचीत हुई।

शाम करीब सवा पांच बजे जाम कर रहे लोगों ने पुलिस एवं प्रशासन को एक मांग पत्र सौंपा, जिसमें घटना की निष्पक्ष जांच समेत अन्य मांगें शामिल थीं। इसके बाद जाम समाप्त किया गया। जाम के दौरान आक्रोशित लोगों ने सड़क पर टायर भी जलाए। लगभग साढ़े पांच घंटे तक सुभाष चौक जाम रहने से आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।