रामगढ़, झारखंड : रामगढ़ जिले के रजरप्पा क्षेत्र में जंगली हाथियों की गतिविधि से लोगों में दहशत फैल गई है। विस्थापित गांव कोयहारा के आसपास ठहरे हाथियों का झुंड अब रजरप्पा मंदिर जाने वाले मार्ग के समीप जनियामारा जंगल के मुख्य रास्ते तक पहुंच गया है। शनिवार शाम को स्थानीय लोगों ने जनियामारा जंगल में एक हाथी को घूमते हुए देखा, जिसके बाद आसपास के इलाकों में भय का माहौल बन गया।
हाथियों की मौजूदगी की सूचना मिलते ही कई ग्रामीण और राहगीर जनियामारा की ओर पहुंच गए और दूर से हाथियों को देखने लगे। कुछ लोग मोबाइल फोन से तस्वीरें लेते भी नजर आए। स्थिति को देखते हुए पुलिस और वन विभाग को सूचना दी गई।
सूचना पर रजरप्पा थाना प्रभारी कृष्ण कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और हाथियों को देखने के लिए जुटी भीड़ को वहां से हटाया। उन्होंने मां छिन्नमस्तिका मंदिर आने-जाने वाले श्रद्धालुओं और राहगीरों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की। साथ ही जनियामारा और आसपास के गांवों के लोगों को भी अलर्ट रहने को कहा गया है।
इधर, वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को हाथियों के झुंड के नजदीक न जाने तथा किसी प्रकार की छेड़छाड़ न करने की सख्त हिदायत दी। विभाग की ओर से हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है, ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना से बचा जा सके।