संजय सरावगी बने बिहार भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष, दरभंगा से छह बार विधायक

Spread the love

पटना, बिहार : भारतीय जनता पार्टी ने संगठन में बड़ा बदलाव करते हुए सोमवार को संजय सरावगी को बिहार का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। वे दरभंगा सदर विधानसभा सीट से लगातार छह बार विधायक चुने जा चुके हैं। इससे पहले यह जिम्मेदारी दिलीप कुमार जायसवाल के पास थी।

प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने के बाद पटना स्थित भाजपा कार्यालय में संजय सरावगी का स्वागत किया गया। इस अवसर पर डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। संजय सरावगी ने कहा कि पार्टी ने उन पर जो भरोसा जताया है, उस पर खरा उतरने का हरसंभव प्रयास करेंगे और संगठन को और मजबूत बनाने के लिए रणनीतिक रूप से काम किया जाएगा।

संजय सरावगी वर्ष 2005 से लगातार भाजपा के टिकट पर विधानसभा पहुंचते रहे हैं। पिछले साल नीतीश सरकार के कैबिनेट विस्तार में उन्हें पहली बार मंत्री बनाया गया था। हालांकि हालिया मंत्रिमंडल गठन में उन्हें स्थान नहीं मिला, तभी से यह चर्चा थी कि उन्हें संगठन में कोई बड़ी जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है।

दरभंगा के गांधी चौक निवासी संजय सरावगी का जन्म 28 अगस्त 1969 को हुआ था। उन्होंने एमकॉम और एमबीए की पढ़ाई की है। छात्र जीवन से ही राजनीति में सक्रिय रहे संजय सरावगी ने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के माध्यम से राजनीतिक सफर की शुरुआत की थी और वर्ष 1995 में भाजपा की औपचारिक सदस्यता ली।

वे दरभंगा नगर निगम में वार्ड पार्षद भी रह चुके हैं और 2018 में विधानसभा की प्राक्कलन समिति के अध्यक्ष की जिम्मेदारी निभा चुके हैं। वैश्य समाज से आने वाले संजय सरावगी की कारोबारी वर्ग में अच्छी पकड़ मानी जाती है और मिथिलांचल की राजनीति में उनका खासा प्रभाव रहा है।

प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने पर उनके पिता परमेश्वर लाल सरावगी ने खुशी जताते हुए कहा कि उनका बेटा शुरू से ही जनसेवा को प्राथमिकता देता रहा है और जनता के बीच रहकर काम करना ही उसकी पहचान है।