गिद्दी में दर्दनाक सड़क हादसा : हाइवा की टक्कर से युवक की मौत, गुस्साए ग्रामीणों ने गिद्दी–नयामोड़ मार्ग किया जाम

Spread the love

गिद्दी (हज़ारीबाग़), झारखंड :  रामगढ़ और हजारीबाग जिले की सीमा पर स्थित गिद्दी इलाके में सोमवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना से आक्रोशित लोगों ने मुआवजे की मांग को लेकर गिद्दी–नयामोड़ मुख्य सड़क को जाम कर दिया, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया।

मिली जानकारी के अनुसार, गिद्दी थाना क्षेत्र के नापो मोड़ के पास अज्ञात हाइवा वाहन ने बाइक सवार युवकों को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में कनकी गांव निवासी निखिल भुइयां की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसी गांव का पवन कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को पहले स्थानीय स्तर पर प्राथमिक इलाज दिलाया गया, बाद में उसे बेहतर उपचार के लिए रामगढ़ भेजा गया है।

बताया जा रहा है कि दोनों युवक सुबह घर से आईटीआई मरार, रामगढ़ जाने के लिए निकले थे। रास्ते में संस्थान बंद होने की जानकारी मिलने के बाद वे बाइक से हेसालौंग की ओर पेट्रोल भराने जा रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे हाइवा वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के बाद पवन कुमार सड़क पर दूर जा गिरा, जबकि निखिल भुइयां को हाइवा वाहन काफी दूरी तक घसीटता चला गया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया।

घटना की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया। सड़क जाम के कारण नयामोड़ की ओर जाने वाले मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने-बुझा कर कुछ मांगों पैर सहमति बनाने पर सड़क जाम ख़त्म किया गया ।