रेलवे ने बरकाकाना स्टेशन रोड को कराया अतिक्रमण मुक्त, 60 से अधिक दुकानें हटाईं, विस्थापित दुकानदारों ने पुनर्वास की उठाई मांग

Spread the love

बरकाकाना (रामगढ़), झारखंड : अमृत भारत योजना के तहत बरकाकाना रेलवे स्टेशन को अत्याधुनिक स्वरूप देने की दिशा में रेलवे ने बुधवार को स्टेशन रोड क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। पूर्व में 72 घंटे का नोटिस जारी किए जाने के बाद रेलवे द्वारा जेसीबी मशीन की मदद से लगभग 60 से 70 दुकानों, मकानों और खटालों को ध्वस्त किया गया।

बताया गया कि स्टेशन रोड पर बने अस्थायी और स्थायी निर्माण कार्य रेलवे के प्रस्तावित विकास कार्यों में बाधा बन रहे थे। इससे पहले भी दुकानदारों को कई बार नोटिस दिया गया था। दुकानदारों द्वारा दुर्गा पूजा और छठ महापर्व तक का समय मांगा गया था, लेकिन निर्धारित अवधि समाप्त होने के बाद रेलवे ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की।

विस्थापित दुकानदारों की पीड़ा

अतिक्रमण हटाए जाने के दौरान कई दुकानदारों के परिजन, विशेषकर महिलाएं, भावुक हो उठीं। महिलाएं रोते-बिलखते हुए अधिकारियों से गुहार लगाती रहीं। दुकानदारों का कहना था कि पिछले लगभग 40–50 वर्षों से वे स्टेशन रोड पर दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण और बच्चों की शिक्षा का खर्च उठाते आ रहे हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि वे रेलवे के विकास कार्यों के विरोधी नहीं हैं, लेकिन विस्थापित दुकानदारों के लिए वैकल्पिक दुकानें बनाकर आवंटित की जानी चाहिए, ताकि आजीविका दोबारा शुरू हो सके। इससे रेलवे को भी भविष्य में राजस्व प्राप्त होगा।

रेलवे अधिकारियों का पक्ष

दुकानदारों की मांग पर बरकाकाना के वरीय अनुभाग अभियंता ने बताया कि रेलवे स्तर पर विस्थापित दुकानदारों के पुनर्वास को लेकर विचार किया गया है। उन्होंने कहा कि लगभग 60 से 70 दुकानों का निर्माण कर उन्हें आवंटित करने की योजना पर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और जल्द ही इस दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे।

सुरक्षा के थे पुख्ता इंतजाम

अतिक्रमण हटाने के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। मौके पर बरकाकाना ओपी पुलिस, रेलवे सुरक्षा बल (RPF), रेलवे सुरक्षा विशेष बल, जीआरपी, महिला पुलिस और दंगा रोधी दस्ते की तैनाती की गई थी।

दंडाधिकारी का बयान

इस कार्रवाई के लिए जिला प्रशासन द्वारा पतरातू अंचल अधिकारी मनोज चौरसिया को दंडाधिकारी नियुक्त किया गया था। उन्होंने बताया कि अधिकतर दुकानदार स्वयं अपनी दुकानों को हटा रहे हैं, जिससे शांतिपूर्ण तरीके से स्टेशन रोड को अतिक्रमण मुक्त कराया जा रहा है।