नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी के साथ रितिका प्रा. लि. की बैठक, होल्डिंग टैक्स वसूली पर सख्त निर्देश

Spread the love

रामगढ़, झारखंड : नगर परिषद रामगढ़ के कार्यपालक पदाधिकारी के साथ रितिका प्रा. लि. (Pvt. Ltd.) के प्रतिनिधियों की एक अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य नगर परिषद क्षेत्र में होल्डिंग टैक्स वसूली की प्रगति की समीक्षा करना तथा लंबित कर बकाएदारों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई को लेकर दिशा-निर्देश देना था।

बैठक के दौरान कार्यपालक पदाधिकारी ने रितिका प्रा. लि. को होल्डिंग टैक्स वसूली को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नगर परिषद क्षेत्र में शत-प्रतिशत होल्डिंग टैक्स वसूली सुनिश्चित की जाए। साथ ही लंबे समय से टैक्स बकाया रखने वाले करदाताओं की सूची तैयार कर उन्हें शीघ्र नोटिस जारी करने का निर्देश दिया गया।

उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित समय सीमा के भीतर टैक्स जमा नहीं करने वाले बकाएदारों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। वसूली प्रक्रिया के दौरान पारदर्शिता, शिष्टाचार और नियमों का पूर्ण पालन करने पर भी विशेष जोर दिया गया। इसके अलावा प्रतिदिन की वसूली का विवरण नगर परिषद कार्यालय को उपलब्ध कराने तथा आम नागरिकों को टैक्स भुगतान के प्रति जागरूक करने के लिए प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए।

कार्यपालक पदाधिकारी ने कहा कि होल्डिंग टैक्स नगर परिषद की आय का प्रमुख स्रोत है, इसलिए वसूली में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वहीं, रितिका प्रा. लि. के प्रतिनिधियों ने सभी निर्देशों का पालन करते हुए वसूली कार्य को और तेज करने का भरोसा दिलाया।