रामगढ़, झारखंड :दुलमी प्रखंड के घरखण्ड स्थित +2 स्कूल चटाक में शुक्रवार, 19 दिसंबर 2025 को दूरसंचार नियामक प्राधिकरण भारत (TRAI) के तत्वाधान में एप एनएमएम सोशल डेवलपमेंट ट्रस्ट द्वारा उपभोक्ता शिकायत निवारण विषय पर दूरसंचार उपभोक्ता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में ट्राई के प्रतिनिधियों द्वारा दूरसंचार उपभोक्ताओं की शिकायतों के समाधान के लिए उपलब्ध दो स्तरीय शिकायत प्रणाली के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। बताया गया कि टेलीकॉम सेवा प्रदाताओं के लिए अनिवार्य आंतरिक शिकायत निवारण तंत्र और सेवा प्रदाताओं के शिकायत केंद्र उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं।
इसके साथ ही साइबर सुरक्षा खतरों के प्रति सतर्क रहने, डिजिटल सुरक्षा बनाए रखने और ट्राई द्वारा उपभोक्ताओं के हित में बनाए गए विभिन्न मोबाइल ऐप्स एवं सुविधाओं की जानकारी भी प्रतिभागियों को दी गई।
कार्यक्रम में ट्रस्ट के प्रदीप कुमार मुखर्जी, पन्नालाल राम सहित विद्यालय के शिक्षक और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। आयोजन का उद्देश्य ग्रामीण एवं शहरी दोनों क्षेत्रों के दूरसंचार उपभोक्ताओं को उनके अधिकारों और उपलब्ध सुविधाओं के प्रति जागरूक करना था।