रामगढ़ : राष्ट्रीय राजमार्ग 33 पर हाथियों का आतंक, आवागमन घंटों रहा बाधित

Spread the love

रामगढ़, झारखंड : रामगढ़ जिला इन दिनों जंगली हाथियों के आतंक से दहशत में है। पिछले एक सप्ताह के भीतर हाथियों के हमले में छह लोगों की जान जा चुकी है, जबकि कई स्थानों पर लोगों को भारी नुकसान और दहशत का सामना करना पड़ रहा है। अब हाथी आबादी वाले क्षेत्रों के साथ-साथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर भी पहुंचने लगे हैं, जिससे आवागमन प्रभावित हो रहा है।

शुक्रवार देर रात कुजू क्षेत्र में हाथियों का झुंड राष्ट्रीय राजमार्ग-33 पर आ गया, जिससे घंटों तक वाहनों की आवाजाही बाधित रही। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद हाथियों को जंगल की ओर खदेड़ा।

इसी क्रम में शनिवार सुबह फिर एक हाथी अपने बच्चे के साथ टायर मोड़ स्थित सैनी होटल के आगे राष्ट्रीय राजमार्ग 33 पर पहुंच गया। इससे यातायात फिर प्रभावित हुआ और वाहन चालकों को काफी देर तक रुकना पड़ा। बाद में हाथी अपने बच्चे के साथ पहाड़ से उतरकर सड़क पार कर जंगल की ओर चला गया। हाथी के सड़क छोड़ने के काफी देर बाद लोग हिम्मत कर वाहन आगे बढ़ा सके।

स्थिति यह है कि झुंड से अलग हुए हाथी कई क्षेत्रों में भटक रहे हैं, जिससे ग्रामीण इलाकों के साथ-साथ मुख्य सड़क मार्ग भी प्रभावित हो रहे हैं। स्थानीय लोगों के साथ वन विभाग के लिए भी यह स्थिति बड़ी चुनौती बन गई है। वन विभाग लगातार टीम लगाकर हाथियों को सुरक्षित रूप से जंगल की ओर लौटाने में जुटा हुआ है।