गिद्दी (हजारीबाग), झारखंड : गिद्दी निवासी एक युवक, जो रामगढ़ के एक व्यवसायी के यहां कार्यरत था, चोरी किए गए नकद, चेक और अन्य सामान के साथ फरार होने के बाद शनिवार को एक देसी कट्टा सहित पकड़ा गया। बाद में उसे गिद्दी थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, रामगढ़ के वार्ड नंबर 5 स्थित श्रीकृष्णपुरी के पाठ्य-पुस्तकों के थोक विक्रेता अभिनव कुमार सिंह के यहां काम करने वाला उक्त युवक कुछ दिनों पूर्व एक ग्राहक से मिली राशि लेकर फरार हो गया था। इसको लेकर मालिक और युवक के बीच विवाद चल रहा था। इसी बीच शनिवार सुबह वह इनवर्टर की बैटरी, लगभग 8 हज़ार रुपये का चेक और अन्य सामान लेकर फिर से गायब हो गया।
इसके बाद पुस्तक विक्रेता अपने एक साथी के साथ युवक की तलाश में गिद्दी पहुंचे। गिद्दी में युवक दिखाई पड़ने पर जब उससे पूछताछ की गई, तभी उसके पास रखा एक देसी कट्टा नजर आया। स्थानीय लोगों की मदद से युवक को पकड़ लिया गया और पुलिस को सौंप दिया गया।
हालांकि युवक के पास मिले कट्टे में कारतूस नहीं था और न ही उसके पास कोई गोली बरामद हुई। फिलहाल गिद्दी थाना पुलिस युवक को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है