रामगढ़, झारखंड :न्यायालय के आदेश के अनुपालन में शनिवार को रामगढ़ थाना क्षेत्र के रामानगर स्थित बीआरएल गेट के निकट 27 डिस्मिल भूमि पर उसके रैयतों को विधिवत कब्ज़ा दिलाया गया। इस दौरान किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो, इसके लिए दंडाधिकारी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया, जिसमें महिला पुलिस बल भी शामिल रही।
मिली जानकारी के अनुसार खाता संख्या 11 की उक्त जमीन को लेकर मरार गांव के रैयतों ने वर्ष 1992 में स्वामित्व को लेकर न्यायालय में मुकदमा दायर किया था। इसके बाद वर्ष 2004 में भी रैयतों के पक्ष में कब्ज़ा दिलाने का आदेश पारित हुआ था, लेकिन विरोध के कारण कब्ज़ा प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी थी। लंबी कानूनी लड़ाई के बाद पुनः न्यायालय ने रैयतों के पक्ष में निर्णय देते हुए जमीन पर कब्ज़ा दिलाने का आदेश जारी किया, जिसके तहत शनिवार को प्रशासन ने कार्रवाई पूरी कराई।
कार्यवाही के दौरान भारी पुलिस बल की मौजूदगी को देख कुछ समय के लिए स्थानीय लोगों में यह भ्रम फैल गया कि अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जा रहा है, लेकिन बाद में स्पष्ट हुआ कि यह जमीन न्यायालय के आदेश के तहत रैयतों को सौंपी जा रही है।